लुधियाना कोर्ट धमाके का आरोपी हरप्रीत सिंह मोहाली कोर्ट में पेश
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने लुधियाना बम ब्लास्ट के मुख्य साजिशकर्ता आतंकी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी मलयेशिया को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। वह शुक्रवार सुबह कुआलालंपुर से लौटा था। उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। देर शाम उसे मोहाली की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से उसे सात दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है।
एनआईए ने बताया है कि पाकिस्तान में बैठे आतंकी व इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन के नेता लखवीर सिंह रोडे का नजदीकी साथी है। उसके इशारे पर ही वह भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता रहा है। 23 दिसंबर 2021 को लुधियाना कोर्ट कांप्लेक्स की दूसरी मंजिल पर हुए ब्लास्ट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि छह लोग घायल हुए थे। बम धमाके में मारे गए व्यक्ति की पहचान पंजाब पुलिस के बर्खास्त मुलाजिम गगनदीप के रूप में हुई थी। जांच में पता चला था कि गगनदीप ही बम को फिट करने गया था। उसी दौरान विस्फोट हो गया था।
गगनदीप को आखिरी कॉल हरप्रीत ने की थी
एनआईए जांच में खुलासा हुआ था कि बम ब्लास्ट से ठीक पहले गगनदीप ने हैप्पी को कॉल की थी। गगनदीप के घर पर छापे के दौरान हैप्पी से जुड़े कुछ दस्तावेज भी मिले थे। उसके बाद एनआईए की एक टीम उस पर नजर रख रही थी। मोहाली की विशेष अदालत में एनआईए के वकील ने कहा कि हरप्रीत सिंह विदेश में बैठे आतंकियों के संपर्क में है। पूछताछ में आतंकियों के स्लीपर सेल की जानकारी मिल सकती है।
मलयेशिया से आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता था
वह अमृतसर के अजनाला स्थित गांव दिआमी का रहने वाला है। पिछले 15 साल से वह मलयेशिया में रह रहा था। उसे घर पर हरप्रीत सिंह उर्फ बब्बा के नाम से जाना जाता था, मगर बाद में उसका नाम हैप्पी मलयेशिया के नाम से जाना जाने लगा। वह मलयेशिया से ही आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। वह भारत के साथ-साथ पंजाब के कई बड़े आतंकी हमलों में शामिल था। उसका भाई नशा तस्करी में शामिल रहा है। जेल में ही उसके भाई की मौत हो गई थी। घर पर उसे हरप्रीत सिंह उर्फ बब्बा के नाम से बुलाया जाता रहा है। परिवार के मुताबिक मलयेशिया जाने के बाद अब तक वह तीन से चार बार गांव आया था। फरवरी से पहले हैप्पी पर कोई मामला दर्ज नहीं था लेकिन बाद में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हुए हैं।