फ्रेंच लेखक ज्यां अनोय के लिखे नाटक ‘एन एपिसोड इन ए लाइफ ऑफ एन ऑथर’ टैगोर थिएटर में नाटक प्रेमियों को वीरवार शाम गुदगुदाएगा। इस नाटक को फूल्स पैराडाइस के मोहनीश कल्याण ने निर्देशित किया है। फ्रेंच भाषा से इस नाटक का हिंदी अनुवाद रंजीत कपूर ने किया है।
मंगलवार सुबह टैगोर थिएटर में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोहनीश ने बताया कि एन एपिसोड इन ए... नाटक के वह पहले भी तीन शो कर चुके हैं। वीरवार को इसका चौथा शो होगा। दो साल पहले उन्होंने इसका शो शिमला में किया था, तब से लेकर अभी तक नाटक में कुछ खास बदलाव नहीं किया गया है।
लेखक की जिंदगी पर है आधारित
यह नाटक एक लेखक की जिंदगी पर आधारित है, जिसे बेहद रियल लुक दिया गया है। मोहनीश ने कहा कि नाटक में हास्य के बहुत से पल मिलेंगं। हालांकि, नाटक में कोई खास प्रयोग नहीं किया गया है, लेकिन इसका हास्य लोगों को गुदगुदाने में जरूर कामयाब रहेगा। नाटक में लाइट्स और कॉस्टयूम बेसिक ही रहेगी।
नाटक की कहानी
नाटक आधारित है एक लेखक के इर्दगिर्द घूमती है। उसके घर एक विदेशी पत्रकार इंटरव्यू लेने आती है। उसी दिन उसके घर में उसका दोस्त अपनी फिल्म के आखिर दृश्य के बारे में चर्चा करने के लिए पहुंच जाता है। नाटक में हास्य तब पैदा होता है, जब लेखक के घर उसी वक्त कारपेंटर, नौकर आ जाते हैं।
लेखक एक साथ सभी को संभालते हुए खुद परेशान हो जाता है। उसकी परेशानी को बढ़ाने के लिए एक पुलिस वाला भी आ पहुंचता है। नाटक को देखने के लिए टैगोर थिएटर में वीरवार शाम सात बजे पहुंचे।