चंडीगढ़ में ईद पर नमाज अदा करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में हजारों लोगों ने गुरुवार को ईद उल अजहा की नमाज अदा की। सेक्टर 20 के जामा मस्जिद और सेक्टर 26 के नूरानी मस्जिद के अलावा सभी मस्जिदों में ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई। नमाज से पहले जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अजमल खान, नूरानी मस्जिद के ईमान मुफ्ती मोहम्मद अनस कासमी ने उपस्थित लोगों को ईद उल अजहा के महत्व के बारे में बताया।
मुफ्ती मोहम्मद अनस कासमी ने कहा कि ईद उल अजहा का पैगाम और मुख्य उद्देश्य यह है कि अपने परवरदिगार की आज्ञाकारिता, वफादारी और बंदगी के लिए अपनी इच्छाओं को बलिदान देने के लिए इंसान को हर वक्त तैयार रहना चाहिए। कासमी ने कहा कि जिस तरह से आज मुल्क में भाईचारा, अमन और शांति के लिए दुआएं मांगी गई हैं ऐसी हर रोज मांगी जाएं।
यह भी पढ़ें: सिर्फ मां ही ऐसा कर सकती: बेटे ने बेरहमी से पीटा फिर भी बुजुर्ग नहीं करवाना चाहती कानूनी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि मोहब्बत की सदाएं हमेशा गूंजती रहे। जामा मस्जिद के इमाम व खतीब मौलाना अजमल खान ने कहा कि यह त्योहार त्याग और समर्पण का है। देश और इंसानियत के लिए कुर्बानी देने को हमेशा तैयार रहना चाहिए। देश जब भी बुलाए तो हमेशा तैयार रहना चाहिए।
सेक्टर 20 के जामा मस्जिद और सेक्टर 26 के नूरानी मस्जिद के अलावा मोहम्मदी मस्जिद मनीमाजरा, मदीना मस्जिद सेक्टर 29, मस्जिद सेक्टर 31, सेक्टर 25 कब्रिस्तान, ईदगाह सेक्टर 45 बुड़ैल, मलोया मदर, मोहम्मदी मस्जिद मलोया में ईद उल अजहा की नमाज अदा की गई।