टीवी एक्ट्रेस पूजा बनर्जी का इंटरव्यू
- फोटो : फाइल फोटो
‘नागार्जुन एक योद्धा’ की लीड एक्ट्रेस सीरियल की प्रमोशन के सिलसिले में चंडीगढ़ पहुंची। यहां उन्होंने सीरियल के सीक्रेट बताए। सीरियल के बारे में पूजा बनर्जी कहती हैं कि टीवी पर रोजाना प्रसारित होने वाले अधिकतर सीरियल्स का कंटेट सास-बहु पर ही आधारित होता है, लेकिन मैं इससे कुछ अलग करना चाहती थी। इसमें एडवेंचर, ड्रामा, रोमांस और एक्शन के साथ एक बेहतरीन कहानी है, जो महाभारत से जुड़ी है।
उन्होंने बताया कि जब पृथ्वीलोक और नागलोक के बीच युद्ध छिड़ा था तो अर्जुन ने खांडवप्रस्थ के जंगलों को जलाने के साथ-साथ नागराज तक्षक के परिवार और राज्य को भी तबाह कर दिया था। उस समय पैदा हुई बदले की भावना को इस सीरियल में वर्तमान के साथ जोड़कर दिखाया गया है। पूजा ने बताया कि वह इस सीरियल में अर्जुन की प्रेमिका बनी हैं, जो नागलोक और पृथ्वीलोक के बीच संघर्ष की इस कहानी को रोमांटिक एंगल देती है।
‘नागार्जुन एक योद्धा’ में लीडिंग रोल अर्जुन का किरदार अंशुमान मल्होत्रा निभा रहे हैं। इनके अलावा कीर्ति नागपुरे, चेतन हंसराज, मनीष वाधवा, मृणाल जैन और श्रुति उल्फत जैसे प्रतिभाशाली कलाकार इस सीरियल में काम कर रहे हैं। 30 मई से शुरू हुए इस धारावाहिक के अब तक 23 एपिसोड का प्रसारण हो चुका है। पूजा बनर्जी सबसे पहले एमटीवी के रिएलिटी शो रोडीज के सीजन-8 में दिखी थीं। इसके बाद वह क्राइम पेट्रोल दस्तक और हातिम में भी विशेष भूमिका निभा चुकी हैं।