स्ट्रीट वेंडर की आड़ में बिना लाइसेंस रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के खिलाफ नगर निगम चंडीगढ़ ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। नगर निगम ने वीरवार को 12 अवैध वेंडरों का सामान जब्त करने के साथ-साथ 10-10 हजार रुपये का चालान भी किया है। रेहड़ी-फड़ी वालों का अब चालान करने के साथ उठाया सामान भी नहीं लौटाया जाएगा। शहर में ऐसा पहली बार हुआ है, जब अवैध वेंडरों का इतनी भारी-भरकम राशि का चालान किया गया।
वीरवार दोपहर बाद अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने एसडीओ बलराज छिकारा की अगुवाई में शहर के अलग-अलग हिस्सों में अवैध वेंडरों के खिलाफ अभियान चलाया। एडिशनल कमिश्नर तिलक राज के निर्देश पर बिना लाइसेंस बैठे 12 वेंडरों का चालान किया गया। इनका सामान भी जब्त कर लिया गया। यह कार्रवाई दोपहर बाद तीन बजे से शाम सात बजे तक चली।
चंडीगढ़ निगम की ओर से सबसे पहला 10 हजार रुपये का चालान इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित पासपोर्ट ऑफिस केसामने बिना वेंडर लाइसेंस के अवैध रूप से फड़ी लगा कर बैठे ढाबा संचालक का किया गया। चालान के साथ निगम की टीम ने ढाबे का सारा सामान भी जब्त कर लिया।
इसके बाद टीम ने सेक्टर-29सी, सेक्टर-20, 35 और 40 की मार्केट में फुटपाथ पर बिना वेंडर लाइसेंस के ढाबा चलाने वाले व अन्य काम करने वाले 12 लोगों का सामान जब्त करके 10-10 हजार रुपये का चालान काटा। एसडीओ बलराज छिकारा की टीम में अतिक्रमण हटाओ दस्ते के इंस्पेक्टर वेद प्रकाश गौतम, निर्मल सिंह, ललित त्यागी, भूपिंदर कौर के अलावा पुलिस की टीम भी शामिल रही।
शहर में अलग-अलग जगहों पर बिना लाइसेंस स्ट्रीट वेंडर की आड़ में बैठे 12 लोगों का 10-10 हजार रुपये का चालान किया गया है। इसके साथ इन अवैध वेंडरों का का जब्त सामान भी नहीं लौटाया जाएगा। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
- तिलक राज, एडिशनल कमिश्नर नगर निगम, चंडीगढ़