मोगा से गिरफ्तार गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह सेखों के तार हांगकांग से जुड़े होने के खुलासे के बाद नया धमाका यह है कि सेखों देश ही नहीं दुनिया को मोस्ट वांटेड दाउद इब्राहिम के नक्शे कदम पर चल रहा था।
दाउद की डी कंपनी की तर्ज पर गैंगस्टर सेखों जी कंपनी बनाना चाहता था। गैंगस्टर सेखो को ऐसे कई सवालों के लिए पूछताछ पर स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उसे रिमांड पर लेने के लिए अदालत का रुख करने जा रही है। नाभा जेल ब्रेक कांड के मुख्य आरोपियों में शामिल गुरप्रीत सिंह के अतिरिक्त गैंगस्टर हैरी को हर मदद पहुंचाने वाले गैंगस्टर कमल बोरी एसटीएफ की रिमांड पर है।
गैंगस्टर कमल बोरी की गिरफ्तारी के बाद नाभा जेल ब्रेक कांड को लेकर एसटीएफ को काफी जानकारियां हासिल हुई थी। कमल बोरी के निशानदेही पर मिले हथियारों में गैंगस्टर हैरी का हाथ भी रहा है। गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह सेखों से एसटीएफ पूछताछ करके यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि गैंगस्टरों के तार पाकिस्तान, हांगकांग के साथ-साथ किन-किन देशों से और देश में किन-किन सियासी नेताओं से जुड़े हैं।