प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध खनन से जुड़े धनशोधन मामले में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से पांच घंटे से अधिक पूछताछ की। इससे पहले ईडी उनके भतीजे भूपिंदर सिंह हनी को गिरफ्तार कर चुकी है। अब पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी प्रतिक्रिया दी। सिद्धू ने कहा कि मेरी लड़ाई पंजाब के लिए थी, रेत के लिए नहीं। पंजाब में अवैध रेत का मामला बड़ा मुद्दा है। विधानसभा चुनाव में भी यह छाया रहा।
नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट किया कि मेरी लड़ाई पंजाब के लिए थी, रेत के लिए नहीं... जमीन, रेत और शराब माफियाओं को चलाने वालों ने सरकारी खजाने को लूटकर पंजाब को अपने स्वार्थ के लिए नीचा दिखाया...। वर्तमान वित्तीय परिदृश्य में यह या तो पंजाब है या माफिया! लड़ाई जारी है…
उधर, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने ट्वीट किया कि मुझे खनन मामले के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय ने बुलाया था। मैंने अपनी जानकारी के अनुसार उनके प्रश्नों का उत्तर दिया। इस मामले में एक चालान पहले ही ईडी ने अदालत में प्रस्तुत किया है। अधिकारियों ने मुझे फिर से आने के लिए नहीं कहा है।
यह है मामला
18 जनवरी को प्रवर्तन निदेशालय ने पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी की साली के बेटे भूपिंदर सिंह हनी के ठिकानों पर छापा मारा था। पूछताछ के बाद ईडी के हाथ भूपिंदर हनी तक पहुंचे और 18 जनवरी को ईडी ने चंडीगढ़, लुधियाना, मोहाली और फतेहगढ़ के दस अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। प्रवर्तन निदेशालय को इन ठिकानों से 10.7 करोड़ रुपये की नकदी मिली थी। 2018 में कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब के मुख्यमंत्री थे। उस समय अवैध खनन का मामला सामने आया था। ईडी इस मामले में धनशोधन से जुड़े मामले की जांच कर रही है।