सोनीपत के सामान्य अस्पताल में डीएनए के लिए पहुंचे युवा।
- फोटो : अमर उजाला
बीते साल जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान मुरथल में कथित गैंगरेप मामले में हाईकोर्ट की फटकार के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच में और तेजी दिखानी शुरू कर दी हैै। एसआईटी ने संभावित घटना स्थल के आसपास के गांवों में युवाओं के ब्लड सैंपल लेने शुरू कर दिए हैं।
शुक्रवार को संभावित घटनास्थल से सटे एक गांव के करीब 25 युवाओं का ब्लड सैंपल सामान्य अस्पताल में लिया गया। पुलिस इस मामले में अन्य युवाओं के भी सैंपल ले सकती हैं। इसके लिए ग्राम पंचायतों से भी सहयोग लिया जा रहा है। एसआईटी अपनी जांच में हर पहलु पर नजर रख रही है।
गौरतलब है कि मुरथल के कथित गैंगरेप मामले में हरियाणा सरकार ने दोबारा से एसआईटी गठित कर आईजी ममता सिंह के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम का गठन कर रखा है। इसमें सोनीपत की डीएसपी भारती डबास और करनाल की डीएसपी सुरेंद्र कौर को शामिल किया गया है। एसआईटी अब तक तमाम ढाबा संचालकों से बात कर चुकी है, लेकिन कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।