मुरथल के कथित गैंग रेप मामले में गवाह बॉबी जोशी को लेकर सुखदेव ढाबे पर पहुंची एसआईटी की टीम।
- फोटो : amarujala
मुरथल रेप कांड के चश्मदीद गवाह बॉबी जोशी की गाड़ी पर हुए पथराव मामले की जांच में अब नया मोड़ आया है। होटल के आसपास के लोगों ने इस तरह की घटना से इंकार किया है। हालांकि, एसआईटी अब भी जांच में जुटी है। पुलिस अब जोशी की गाड़ी की एफएसएल लैब में जांच कराएगी, उसके बाद ही जांच आगे बढ़ेगी।
डीएसपी जितेंद्र गहलावत के नेतृत्व में चल रही जांच में कथित पथराव की जगह और उस होटल से कोई सबूत नहीं मिला, जहां से सिगरेट खरीदने की बात कही गई थी। एसपी पंकज नैन ने बताया कि होटल मालिक व आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है। उन्होंने ऐसी घटना से साफ इंकार किया है। वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज ली जा रही है। इस मामले में सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया हुआ है।
गौरतलब है कि मुरथल रेप कांड के चश्मदीद गवाह बॉबी जोशी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शनिवार को लुधियाना से दिल्ली जाते वक्त जब वह करनाल के नजदीक एक ढाबे पर रुकने के बाद गाड़ी में बैठने लगे तो कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया। इससे उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया। बॉबी जोशी ने मुरथल सीआईटी की इंचार्ज आईजी ममता सिंह को इसकी शिकायत दी। घटना करनाल क्षेत्र की होने के कारण मामला जांच के लिए करनाल पुलिस को रेफर किया गया है। पुलिस ने सोमवार को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर डीएसपी की अगुवाई में एसआईटी गठित कर जांच शुरू की है।
पंकज नैन, एसपी करनाल के मुताबिक अभी तक जांच में कोई भी चश्मदीद सामने नहीं आया है। जिस गाड़ी पर पथराव हुआ है उसको मधुबन फोरेंसिक लैब में चेक करवाया जाएगा। होटल के आसपास के लोगों ने ऐसी घटना से इंकार किया है। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है।