जरा सी चिंगारी से घर धधक उठा और सारा सामान जलकर खाक हो गया। लंगर का सामान तक चल गया, घरवालों ने भागकर जान बचाई। घटना पंजाब के मुक्तसर की है। कोटकपूरा रोड की गली नंबर 13 के एक घर में रविवार सुबह साढे़ आठ बजे एक घर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इस वजह से उसका घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
साथ ही बिजली की वायरिंग भी जल गई। लोगों और फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू डाला। गली नंबर 13 के निवासी जतिंदर कुमार ने बताया कि उनके घर में सुबह करीब साढे़ आठ बजे अचानक शार्ट सर्किट होने से आग लग गई।
इस वजह से घर में बने मंदिर को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने और आसपास के लोगों ने आग पर काबू डालने की कोशिश की, लेकिन बात न बनती देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जतिंदर कुमार ने बताया कि आग लगने से पंखा, फ्रिज, मंदिर में लगाने वाले लंगर का सामान भी जल गया। बिजली की वायरिंग जलने से मकान की दीवारों में भी दरार आ गई। उनके अनुसार इस आग से करीब 80 हजार का नुकसान हुआ है।