सांसद दुष्यंत चौटाला ने शहजादपुर में कहा कि नौ दिसंबर को पांडु पिडारा जींद की धरती पर नई शुरुआत होने जा रही है। वह हर वर्ग को उनका अधिकार दिलाएंगे। इस अवसर पर इनेलो से दो बार प्रत्याशी रहे और वर्ष 2014 में बसपा से प्रत्याशी रहे रामसिंह कोड़वा बसपा छोड़ दुष्यंत चौटाला के साथ जुड़ गए। यह कार्यक्रम रामसिंह कोड़वा द्वारा ही आयोजित किया गया। कोड़वा ने कहा कि अजय चौटाला के परिवार के साथ अन्याय हुआ है। उन्हें टिकट मिले या न मिले, वह दुष्यंत के साथ रहेंगे।
दुष्यंत ने कहा कि आज संघर्ष की घड़ी में रामसिंह कोड़वा ने जो बिगुल बजाया है, यह दर्शाता है कि लहर उनके साथ है। विश्वास दिलाते हैं कि जो नींव जींद की धरती पर रखी जाएगी, वह प्रदेश ही नहीं देश में भी परिवर्तन लाएगी। देश में कांग्रेस व भाजपा का राज रहा। पिछले चार साल में हरियाणा में भाजपा ने जात-पात के नाम पर लड़वाने का काम किया है। भाजपा दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात करती थी।
पिछले दिनों ग्रुप डी का परीक्षा हुई, जिसमें 17 हजार नौकरियां थीं और 18 लाख आवेदन थे। सरकार ने फार्म के नाम पर करीब 90 करोड़ रुपये युवाओं से इकट्ठे कर लिए और नौकरियां कब मिलेंगी ये भी अभी नहीं पता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नौ दिसंबर को पांडु पिडारा जींद पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह राजनीति के हालात बदलेंगे। इस दौरान केसी बांगड़, मलकीत सिंह तंदवाल, पाला राम बड़ागांव, सुरजीत सौंड़ा, हरविलास रज्जुमाजरा, जसविंदर दनोरा, नैब गुज्जर, सरदार आशा सिंह, रमेश गुज्जर मौजूद थे।