हरियाणा सरकार ने 'मेरा फौजी कॉलिंग' फिल्म को राज्य में छह महीने के लिए कर मुक्त किया है। सरकार इस फिल्म पर स्टेट जीएसटी नहीं वसूलेगी। आबकारी एवं कराधान विभाग ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। सभी उप आबकारी कराधान आयुक्त (राज्य कर) को इन आदेशों का कड़ाई से पालन कराना होगा।
गुरुवार को सीएम मनोहर लाल सभी भाजपा विधायकों के साथ यह फिल्म देखेंगे। फिल्म निर्माताओं ने सीएम व सभी विधायकों के लिए प्रीमियर शो रखा हुआ है। चंडीगढ़ के एलांते मॉल स्थित सिनेमा हॉल में सीएम व विधायक फिल्म देखेंगे। दो मार्च 2021 को इस फिल्म की स्टार कास्ट ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की थी।
यह फिल्म एक फौजी के पराक्रम और हौसले पर आधारित है। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस प्रेरणादायी फिल्म से युवा पीढ़ी में देशभक्ति का भाव और अधिक जागृत होगा। हरियाणा को पृष्ठभूमि में रखकर बनने वाली फिल्मों के लिए विशेष अनुदान दिया जाता है। फिल्म प्रोड्यूसर हरियाणा के ऐतिहासिक व पर्यटन स्थलों पर अपनी फिल्मों की शूटिंग करने के लिए आएं। फिल्म अभिनेता शरमन जोशी ने सीएम को बताया कि एक फौजी के जीवन पर आधारित ‘मेरा फौजी कॉलिंग’ फिल्म दर्शकों को हरियाणा की भूमि से जुड़ी प्रतीत होगी।