एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने बच्ची की तलाश में गांव के घरों की तलाशी ली। साथ ही गांव के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई और रूड़ी व तूड़ी वाले कूपों व पानी वाले टोभों की छानबीन की गई। रात के समय गांव आने वाली सारी सड़कों पर नाकाबंदी भी की गई।
पानी की टंकी से आ रही थी आवाज
मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बच्ची के नानके घर के पास वाले गुरनाम सिंह के घर की तीसरी मंजिल पर रखी पानी की टंकी से कुछ आवाजें आती सुनाई थीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लापता पांच साल की बच्ची को पानी की टंकी से जिंदा बरामद कर उसे समाना अस्पताल में दाखिल कराया।
बदला लेने के लिए रची साजिश
एसएसपी ने बताया कि जब बच्ची के परिवार के सदस्यों से पूछताछ की तो सामने आया कि बच्ची की मां ने एक हफ्ते पहले पड़ोसी गुरनाम सिंह के घर से चार हजार रुपये चोरी किए। पता लगने पर उसे यह पैसे वापस करने पड़े थे।
ऊपर से उसके पति ने भी उसे बेइज्जत किया था और चेतावनी दी थी कि अगर उसने चोरी की है तो वह अपने बच्चों को तो साथ ले जाएगा लेकिन उसे वापस लेकर नहीं जाएगा।