गांव सजावलपुर निवासी एक महिला ने अपने पांच साल के बच्चे को चाकुओं से गोदकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बच्चा घायल अवस्था में पीजीआई में भर्ती है। जानकारी के अनुसार गांव सजावलपुर निवासी मनप्रीत कौर ने रविवार शाम अपने घर में अपने पांच साल के बेटे लवप्रीत को चाकुओं से गोद दिया।
बच्चे को मरा समझकर उसने खुद को फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। जब मनप्रीत कौर का पति जसपाल राम काम से लौटा, तो उसने मनप्रीत कौर को लटके हुए और बेटे को लहूलुहान देखा। इसके बाद लवप्रीत को पीजीआई ले जाया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। वहीं परिजनों के अनुसार मनप्रीत की दिमागी हालत ठीक नहीं थी।
मृतका के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने आत्महत्या के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं बताया है। एसएचओ जोगिंदर सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट में मनप्रीत ने लिखा है कि उसकी मौत के बाद उसका बच्चे का जीवन खराब न हो, इसलिए वह उसे भी मार रही है। उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। पुलिस ने 174 की कार्रवाई की है। पीजीआई के डॉक्टरों ने लवप्रीत का आपरेशन किया है और फिलहाल वह इमरजेंसी में है।