सेक्टर-17 में बनने जा रही साहिब सिंह ऑटोमेटिक पार्किंग सबसे महंगी बिकी। इस पार्किंग का ठेका साल भर के लिए 71 लाख रुपये में दिया गया है।
निगम का दावा है कि अभी तक इतनी महंगी बोली किसी पार्किंग की नहीं लगी। नगर निगम ने शुक्रवार को शहर की चार प्रमुख पार्किंगों के लिए ऑक्शन कराई थी।
सुखपाल सिंह ने सेक्टर-17 की साहिब सिंह पार्किंग के लिए 71 लाख रुपये की सबसे बड़ी बोली लगाई। इस पार्किंग के लिए निगम ने 43.18 लाख रुपये रिजर्व प्राइस रखा था।
साहिब सिंह पार्किंग के लिए नौ लोगों ने बोली लगाई। सेक्टर-17 की दूसरी ऑटोमेटिक पार्किंग (एंपायर स्टोर के सामने) की 52.52 लाख रुपये की बोली लगी।
एलांते की डिमांड सबसे ज्यादा
इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एलांते मॉल के सामने की पार्किंग के लिए सबसे ज्यादा लोगों ने आवेदन दिया था। 19 लोगों ने फाइनल ऑक्शन में भाग लिया।
ऑक्शन में इस पार्किंग का रिजर्व प्राइस महज 11.99 लाख रुपये था। यह पार्किंग 58.15 लाख रुपये में बिकी।
बैंक गारंटी जमा कराने को दिए सात दिन
ऑक्शन में सफल रहे बोली दाताओं को निगम ने एक सप्ताह में बैंक गारंटी जमा करवाने को कहा है। बैंक गारंटी जमा करवाने के अगले दिन ही पार्किंग हैंड ओवर कर दी जाएंगी। सात दिन बाद सभी पार्किंग शुरू हो जाएंगी।
ऑटोमेटिक पार्किंग की फीस
कार:- पहले 4 घंटे के 5 रुपये
- अगले हर घंटे के 5 रुपये
टू-व्हीलर:- पहले 4 घंटे के 2 रुपये
- अगले हर घंटे के 2 रुपये
इतने में बिकी यह पार्किंग
साहिब सिंह पार्किंग (ऑटोमेटिक), सेक्टर-17- 71 लाख
एंपायर स्टोर पार्किंग (ऑटोमेटिक), सेक्टर-17- 52.52 लाख
एलांते मॉल पार्किंग, इंडस्ट्रियल एरिया- 58.15 लाख
पिकाडली स्क्वायर पार्किंग, सेक्टर-34- 11.20 लाख
नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर सुनील भाटिया ने बताया कि सभी पार्किंगों के लिए अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। पार्किंग के लिए जितना भी रिजर्व प्राइस तय किया गया था, उससे कहीं ज्यादा ऊंची बोलियां लगी हैं।