मैन ऑफ द मैच ट्रॉफी के साथ पारस।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। युवा स्टार पारस की फिरकी गेंदबाजी के चलते बैश क्रिकेट अकादमी ने मोहित क्रिकेट अकादमी पंचकूला को 8 विकेट से हरा दिया। जेपीएस अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में बैश अकादमी ने जगह बना ली है। टूर्नामेंट में ट्राइसिटी की टीमें शिरकत कर रही हैं।
मैच में टॉस जीतकर मोहित क्रिकेट अकादमी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया जो गलत साबित हुआ। पूरी टीम 14.1 ओवर में मात्र 26 रन पर ऑलआउट हो गई। गेंदबाजी में बाएं हाथ के स्पिनर पारस ने सटीक गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 12 रन देते हुए 4 विकेट चटकाए। अन्य गेंदबाजों में गोल्डी कुमार ने 3 रन देकर 3 विकेट, काव्या गोयल ने 3 रन देकर 2 विकेट, हिमांक चोपड़ा ने 10 रन देकर 1 विकेट चटकाया। जवाब में छोटे स्कोर का पीछा करते हुए बैश क्रिकेट अकादमी ने 6.5 ओवर में 2 विकेट पर 27 रन बनाकर मैच जीत लिया। निखिल कुमार ने सबसे अधिक 18 रन (नाबाद) बनाए। मैच में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाने वाले पारस को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।