अकाली दल से निष्कासित मैनी कांग्रेस में हुए शामिल
- फोटो : अमर उजाला
मेयर कुलवंत सिंह से बगावत करने के चलते अकाली दल से निकाले गए पार्षद भारत भूषण मैनी ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली। कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह ने सिरोपा डालकर उनका स्वागत किया।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि मैनी की एक तरह से घर वापसी हुई है। मैनी पुराने कांग्रेसी है। उन्होंने कहा कि परिवार में कई तरह की बातें हो जाती है। ऐसी ही बात मैनी के साथ हुई है। वहीं, अब उनकी घर वापसी हो गई है। वहीं, पार्षद भारत भूषण मैनी ने कहा कि मैं ईमानदारी के साथ अपना फर्ज निभाता हूं। हर पार्टी को सेवादारों की जरूरत होती है। हो सकता है कि कांग्रेस पार्टी को मेरी सेवाएं अच्छी लगी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने का न्योता मिला था।
माहौल को देखते हुए उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। साथ ही बतौर सेवादार अपनी सेवाएं देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें गत दिवस ही अकाली दल के जिला प्रधान एनके शर्मा की तरफ से जारी प्रेस नोट पढ़कर पता चला कि उन्हें अकाली दल से छह साल के लिए निकाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह सुखबीर सिंह बादल का बहुत सत्कार करते हैं। उन्हें अकाली दल से निकाला दिया गया है। इसलिए वह कांग्रेस में शामिल हो गए।
अकाली दल के कई पार्षद कांग्रेस के संपर्क में
वहीं, शहर में चर्चा है कि अकाली दल व बीजेपी को कुछ और पार्षद आने वाले दिनों में अलविदा कह सकते हैं। अंदर खाते उनकी कांग्रेस से डील भी चल रही है। सूत्र यहां तक बता रहे हैं कि अगर कुलवंत सिंह मेयर पद से भविष्य में हटाए जाते हैं। साथ ही मेयर पद के लिए दोबारा चुनाव होता है, तो कई अकाली कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेंगे।