मोहाली नगर निगम का मेयर बनने के बाद पहली बार मीडिया से रूबरू होते हुए कुलवंत सिंह ने कहा कि चुनाव के दिनों में उन्होंने जो वादा लोगों से किया था। उन्हें पूरा करने के लिए वह अपनी पूरी ताकत लगा देंगे।
उन्होंने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता शहर का सफाई व सौंदर्यीकरण है। उस दिशा में ही वह पहला कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि गुरुबाणी में कहा गया है कि जहां सफाई होती है, वहां भगवान निवास करते हैं। इसलिए शहर को साफ सुथरा बनाए जाएगा।
जब उनसे दूसरी प्राथमिकता के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों की हालत काफी खराब है। जिससे आए दिन लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इसलिए वह सड़कों की स्थिति को सुधारने की दिशा में काम करेंगे।
इसके अलावा पार्कों को भी साफ सुथरा बनाया जाएगा। उनमें किसी भी तरह की जो कमियां हैं। उन्हें पहल के आधार पर हल किया जाएगा। लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
लोकल बस सर्विस जल्द शुरू होगी
कुलवंत ने कहा कि शहर को बसे हुए काफी समय हो चुका है। लेकिन, अभी तक शहर में सिटी बस शुरू नहीं हो पाई। जिससे लोगों को काफी मुश्किल उठानी पड़ रही हैं। उन्होंने बताया कि इस कमी को भी जल्द दूर किया जाएगा। लोग आसानी से एक स्थान से दूसरे स्थान पर आ जा सकेंगे।
विकास के लिए सरकार का लेंगे सहयोग
कुलवंत ने बताया कि शहर के विकास के लिए वह सत्ताधारी सरकार का सहयोग भी लेंगे। वह विकास के कामों के लिए डिप्टी सीएम सुखबीर बादल से भी मिलेंगे। उन्होंने बताया कि वह शहर को वर्ल्ड का बढ़िया शहर बनाने की दिशा में काम करेंगे।
भेदभाव से उपर उठकर करेंगे काम
उन्होंने बताया कि वह सभी पार्षदों के इलाके में समान काम करेंगे। वह किसी भी पार्षद से भेदभाव नहीं करेंगे। क्योंकि वह पूरे शहर के मेयर हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी पूरी शहर की है।