केंद्रीय ऊर्जा मंत्री व राज्य के पूर्व सीएम मनोहर लाल का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से विशेष लगाव और जुड़ाव रहा है। यह प्रदेश उनकी कर्मभूमि रही है। वे अन्य प्रदेश के दौरे पर भी जाते हैं, मगर हरियाणा के लोगों वह बहुत प्रेम करते हैं। उन्होंने कहा- साल 2014 से लेकर अब तक पीएम मोदी 24 बार आ चुके हैं, जिनमें से 13 बार सरकारी दौरा था और 11 गैर सरकारी दौरा था। आज उनका 25वां दौरा है।
यमुनानगर में उन्होंने मंच से कहा कि वह प्रधानमंत्री का दो भूमिकाओं में स्वागत करना चाहते हैं। एक तो आपकी सरकार में आपने मुझे केंद्रीय ऊर्जा मंत्री का दायित्व दिया, उस नाते से मैं आपका हृदय की गहराई से स्वागत करता हूं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के तौर पर हरियाणा की जनता का दस साल तक सेवा करने का मौका मिला, इसलिए हरियाणा के दो करोड़ 80 लाख लोगों की तरफ से भी मैं आपका स्वागत करता हूं।
उन्होंने कहा कि यमुनानगर मेरे लिए इसलिए भी खास है क्योंकि अपने सामाजिक जीवन के लगभग छह वर्ष यमुनानगर में बिताए हैं। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में उद्योगों और रोजगार के अवसर अहम होंगे, जिसमें बिजली की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि 2014 में देश में बिजली का उत्पादन 249 गीगावाट था और आज 466 गीगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। वहीं, 2033-34 तक 874 गीगावाट का लक्ष्य है।
सीबीजी प्लांट से 7,700 मीट्रिक टन कार्बन डाई आक्साइड की आएगी कमी
ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने बताया, सीबीजी प्लांट से 7700 मीट्रिक टन कार्बनडाई ऑक्साइड का उत्सर्जन कम होगा। इस प्लांट में सालाना लगभग 10,000 मीट्रिक टन बायो-खाद का उत्पादन होगा। इससे कूड़े की खुले में डंपिंग और मीथेन गैस उत्सर्जन से छुटकारा मिलेगा और वायु प्रदूषण में कमी आएगी। इसके साथ नगर निगम यमुनानगर को हर साल तीन करोड़ भी बचेंगे। इस मौके पर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को बधाई भी दी।