सिटी एयरपोर्ट पर अटैक हो गया है, आप जल्द पहुंचे। यह संदेश मिलते ही सेकेंडों में दनदनाती हुई फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मिनटों में चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंच गईं।
यात्रियों से खचाखच भरा रहने वाला सिटी एयरपोर्ट पुलिस की जिप्सियों, सिविल डिफेंस और सीआईएफएफ के जवानों से घिरा हुआ था। सिटी एयरपोर्ट की बाहर की सिक्योरिटी चंडीगढ़ पुलिस के हवाले थी तो वहीं भीतर की सुरक्षा सीआईएसएफ के। रविवार को सिटी एयरपोर्ट पर मॉकड्रिल की गई।
इसका उद्देश्य किसी आकस्मिक घटना से निपटने की तैयारियों का जायजा लेना रहा। यह माकड्रिल एयरपोर्ट अथारिटी ने चंडीगढ़ पुलिस, चंडीगढ़ अग्निशमन विभाग द्वारा मिलकर की।
कराची में आतंकवादी हमले के बाद चंडीगढ़ में एयरपोर्ट के सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लेने के लिए यह माकड्रिल की गई। इसमें पुलिस को चार बजकर दस मिनट पर संदेश मिला कि एयरपोर्ट पर अटैक हो गया है।
चार आतंकवादियों में से दो एयरपोर्ट के पास वाली बिल्डिंग में हैं और उन्होंने लोगों को बंधक बना लिया है। दो आतंकवादी एयरपोर्ट के भीतर चले गए हैं। पुलिस को टारगेट दिया गया कि आतंकवादियों को जल्द से जल्द मार गिराएं और उनके कब्जे से बंधकों को छुड़ाएं।
आतंकवादियों का मुकाबला करने के लिए एयरपोर्ट पर डीएसपी, आपरेशन सेल के अधिकारी और जवान, क्विक रिएक्शन टीम, पीसीआर वैन और एंबुलेंस के साथ बम डिस्पोजल एस्क्वायड मौजूद था। माकड्रिल पांच बजे तक चली।
यहां पर फायर बिग्रेड के अधिकारी श्याम सिंह और बलजिंदर सिंह फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लेकर पहुंचे थे। चंडीगढ़ पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि माकड्रिल का उद्देश्य एयरपोर्ट की सिक्योरिटी को चेक करना था।