अब आपके एंड्रॉएड स्मार्ट फोन में ही रजिस्ट्रिंग एंड लाइसेंसिंग अथोरिटी (आरएलए) से जुड़ी हर सुविधा होगी। लाइसेंस, व्हीकल रजिस्ट्रेशन और कई अन्य सुविधाओं संबंधित सभी जानकारी आपको फोन पर मिलेगी। यह सब होगा आरएलए के मोबाइल आरएलए एप से।
सोमवार को ही एडवाइजर विजय कुमार देव ने इस मोबाइल एप को डीसी ऑफिस में लांच किया। इस मौकेपर सेक्रेटरी ट्रांसपोर्ट विक्रम देव दत्त, आईटी सेक्रेटरी एवं डीसी डा. एसबी दीपक कुमार, आरएलए कशिश मित्तल और असिस्टेंट कमिशनर भूपेश चौधरी उपस्थित रहे।
ये सुविधाएं होंगी आपकी मुट्ठी में
मोबाइल आरएलए एप पर ड्राइविंग लाइसेंस, व्हीकल रजिस्ट्रेशन की पूरी जानकारी, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) रनिंग सीरिज, ऑफिस लोकेशंस, समय सारिणी और छुट्टियों संबंधी जानकारी मिलेगी। जो नया लर्निंग लाइसेंस बनवाने की तैयारी कर रहे हैं उनके लिए साइन एंड सिंब्लस की लिस्ट के साथ मॉक टेस्ट की जानकारी भी होगी। जो नया वाहन खरीदना चाहते हैं, उनके लिए नई पुरानी सीरिज केनंबरों की लिस्ट उपलब्ध रहेगी।
इतना ही नहीं व्हीकल रजिस्ट्रेशन पर लगने वाले टेक्स की गणना के लिए टेक्स केल्कुलेटर तक होगा। च्वाइस का नंबर लेने के लिए अलग-अलग सीरिज की लिस्ट एप पर मिलेगी।
ऐसे डाउनलोड करें ऐप
यूटी प्रशासन द्वारा लांच किए गए एप को डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले अपने एंड्रॉयड फोन के गूगल प्ले स्टोर को ओपन करना होगा। उसके बाद प्ले स्टोर में एप का नाम टाइप करें और सर्च ऑप्शन दबाकर एप डाउनलोड कर लें।
वेब पोर्टल भी लांच
एसडीएम प्रिंस धवन ने वेब पोर्टल admser.chd.nic.in/sdmcentral लांच किया। उन्होंने बताया कि जल्द ही अन्य दोनों एसडीएम भी अपने क्षेत्र के लिए पोर्टल लांच करेंगे। इन पोर्टल के जरिए लोगों को अपने कामों का स्टेटस पता चल जाएगा। जैसे किसी ने ई-संपर्क सेंटर पर जाति प्रमाण पत्र केलिए आवेदन किया। पटवारी ने उस पर साइन किया या नहीं, इस तरह की छोटी से छोटी जानकारियां भी मिलेंगी।