चंडीगढ़। धनास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित वैली पार्क में युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर मोबाइल और 700 रुपये लूटने का मामला सामने आया है। सारंगपुर थाना पुलिस ने स्थानीय निवासी विशाल और डड्डूमाजरा निवासी काली के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में योगेश ने बताया कि वह धनास के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता है। बीते शनिवार रात करीब 9 बजे वह डड्डूमाजरा स्थित अपनी दुकान बंद कर एक दोस्त से मिलने गया था, लेकिन वह अपना मोबाइल दोस्त की गाड़ी में भूल कर घर लौट आया। रात करीब 11 बजे मां का फोन लेकर घर के पास वैली पार्क से दोस्त को फोन करने लगा। आरोप है कि इसी बीच विशाल ने उससे कहा कि जो कुछ उसके पास है, सब निकाल दे। योगेश के विरोध करने पर विशाल ने चापड़ से हमला कर दिया। इतने में विशाल का साथ काली भी वहां आ गया और योगेश पर पत्थर बरसाने लगा। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंची योगेश की मां को भी चोटें आई हैं। इस दौरान आरोपियों ने मोबाइल और 700 रुपये की नकदी छीन कर फरार हो गए। विशाल का पीजीआई में इलाज चल रहा है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।