हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने सवाल का जवाब अंग्रेजी में देने पर आपत्ति जताई। अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता से शर्मा ने कहा कि हिंदी में जवाब नहीं दिया गया, ये गलत है। इस पर नांगल चौधरी से भाजपा के विधायक अभय सिंह यादव ने बीच में टोकते हुए कहा कि कहीं पंडित जी संस्कृत में ना मांगने लग जाए जवाब। तुरंत अध्यक्ष ने यादव को रोकते हुए कहा कि इसे मजाक न समझें, ये गंभीर मामला है। इनको हिंदी में जवाब मिलना चाहिए था। इसके बाद यादव चुप्पी साध गए।
नीरज शर्मा ने सवाल किया था कि खनन के ठेकेदारों से बकाया राशि नहीं वसूलकर उनको छूट दी जा रही है। जबाव में खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने बताया कि सरकार ने विवादों का समाधान करने हेतु ‘एकमुश्त निपटान योजना (ओटीएस)’ तैयार की है। इसके तहत, अब तक 168 मामलों की जांच की जा चुकी है और निपटान हेतु 15 मार्च, 2022 तक तिथि निर्धारित की गई है।
अब तक 168 मामलों की जांच की गई है, जिसमें कुल बकाया राशि 811.91 करोड़ रुपये बनती है। ओटीएस योजना के तहत बकाया देय राशि को घटाकर 148.59 करोड़ रुपये है, जिसमें 158 खनिकों द्वारा कुल राशि 37.39 करोड़ रुपये पहले ही जमा करवा कर 379.14 करोड़ रुपये की कुल बकाया राशि का निपटान किया जा चुका है। इसके इलावा, 3 खनिकों द्वारा स्वत: ही 1.86 करोड़ जमा करवाकर 12.05 करोड़ रुपये की लंबित बकाया राशि का निपटान किया है।
खनन मंत्री ने बताया कि इस योजना के अनुसार अब तक अधिसूचित कुल 171 मामलों की जांच की गई जिसमें कुल बकाया राशि 823.96 करोड़ है। योजना के तहत गणना अनुसार बकाया देय राशि घट कर 150.45 करोड़ रह गई है। इसमें कुल 391.19 करोड़ की राशि का निपटान करते हुए कुल 39.25 करोड़ ओटीएस योजना के तहत 161 खनिकों से वसूल की जा चुकी है।