अभी सर्दियां ठीक से से शुरु भी नही हुईं है लेकिन एक दिन में घने धुंध ने चार लोगों की जान ले ली, साथ ही कई लोग जख्मी है। पहली घटना फिरोजपुर में हुई है। गांव मोहनके हिठाड़ में बुधवार सुबह धुंध में बाइक और ट्राले के बीच हुई भिड़ंत में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक महिला गंभीर जख्मी हो गई। उसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी छिंदर पाल सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिंदर सिंह निवासी गांव अहमद ढंढी बाइक पर सवार होकर जलालाबाद जा रहा था। जैसे ही गांव मोहनके हिठाड़ पहुंचा तो सड़क के किनारे सरिता रानी और सोनिया रानी खड़ी थी। यह दोनों जेएन इंटरनेशनल स्कूल सैदेके में काम करती थी। दोनों महिलाओं ने महिंदर से लिफ्ट मांगी और बाइक पर बैठ कर चल पड़ी। महिंदर आगे जा रही ट्रैक्टर-ट्राली को ओवरटेक करने लगा कि सामने से ट्राला आ रहा था। धुंध की वजह से ट्राले का पता नहीं चला और दोनों के बीच भिड़ंत हो गई।
इस हादसे में महिंदर सिंह और सरिता रानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सोनिया रानी गंभीर जख्मी हो गई। सोनिया को इलाज के लिए पास के अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सोनिया की हालत नाजुक बनी हुई है। थाना प्रभारी छिंदर पाल सिंह ने बताया कि हादसे से संबंधित वाहनों को अपने कब्जे में कर कार्रवाई की जा रही है।
ट्रक से टकराई स्कूल वैन, चालक की मौत
ट्रक से टकराई स्कूल वैन
- फोटो : अमर उजाला
मानसा में कोहरे की वजह से बुधवार सुबह गांव उभ्भा के पास स्कूल की वैन और धान से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में वैन चालक की मौत हो गई। गनीमत रही कि वैन में सवार आठ स्कूली बच्चे बाल-बाल बच गए। ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसे कब्जे में लेकर पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
ट्रक नंबर एचआर 57 -0581 बुधवार सुबह मानसा से उभ्भा की ओर जा रहा था। इस दौरान गांव उभ्भा के पास सनावर स्कूल भूपाल की वैन पीबी 65 -एच 1558 बच्चों को लेकर सामने से आ रही थी। गांव उभ्भा के दशमेश कंडे के पास वैन व ट्रक की आमने सामने से टक्कर हो गई, जिसमें वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में जहां वैन में सवार आठ बच्चे बाल-बाल बच गए। वहीं वैन का चालक बलदेव सिंह वासी बुर्ज ढिलवां गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
उसे आसपास के एकत्रित लोग अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक ट्रक वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। थाना जोगा के प्रभारी महिंदर सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
कॉलेज बस और ट्रक की टक्कर में बीसीए छात्रा की मौत
कॉलेज बस और ट्रक की टक्कर
- फोटो : अमर उजाला
मोगा में जहां धुंध की वजह से कोट ईसेखां-अमृतसर रोड स्थित गांव दौलेवाला में बुधवार सुबह कॉलेज बस और ट्रक की टक्कर में बीसीए की छात्रा की मौत हो गई। इस हादसे में ड्राइवर, कंडक्टर समेत छह को गंभीर चोटें और लगभग 12 विद्यार्थी मामूली घायल हो गए। घायल विद्यार्थियों को कोट ईसेखां और ड्राइवर को सिविल अस्पताल मोगा में दाखिल करवाया गया। इस हादसे में मामूली घायल विद्यार्थियों को इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
मोगा-जालंधर रोड स्थित गांव फतेहगढ़ कोरोटाना में एसएफसी इंस्टीट्यूट संस्था की बस बुधवार सुबह मखू (जीरा) से विद्यार्थियों को लेकर आ रही थी। बस जब कोट ईसेखां-अमृतसर रोड स्थित गांव दौलेवाला में पहुंची तो उसकी सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे में बीसीए की छात्रा मनप्रीत कौर की मौत हो गई। हादसे में ड्राइवर-कंडक्टर समेत लगभग छह विद्यार्थियों को गंभीर और 12 को मामूली चोटें लगीं।
इस हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम धर्मकोट जसपाल सिंह व अन्य सिविल और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना का जायजा लेने बाद उन्होंने कोट ईसेखां में घायल मृतक छात्रा की बहन वीरपाल कौर, करनबीर सिंह, अमनदीप कौर और राजविंदर कौर का हालचाल पूछा।