अंतिम दिन आवेदन फार्म जमा करने को लगीं लंबी लाइनें
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ के 70 से अधिक प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों में एंट्री लेवल दाखिले के लिए सोमवार को जबरदस्त भीड़ रही। ट्राइसिटी के सैकड़ों अभिभावकों को आवेदन फार्म जमा करने के लिए 2 से 3 घंटे तक लाइनों में लगना पड़ा। लकी ड्रा के कारण एक ही परिवार के 3 से 4 लोग अलग-अलग स्कूलों में फार्म जमा करने के लिए लाइनों में लगे हुए थे। कॉन्वेंट स्कूलों ने 10 बजे के बाद अभिभावकों की एंट्री बंद कर दी और फिर 2 बजे तक आवेदन फार्म जमा किए गए।
शिक्षा विभाग के कॉमन एडमिशन शेड्यूल के तहत 12 दिसंबर को आवेदन फार्म जमा करने का अंतिम दिन था। शहर के चार कॉन्वेंट स्कूलों में आवेदन फार्म जमा करने के लिए निर्धारित समय से दो घंटे पहले ही अभिभावक स्कूलों में पहुंच गए। सेंट ऐंस स्कूल में दो घंटे पहले ही अभिभावकों की लंबी लाइनें लग गई।
उधर, शिक्षा विभाग के निर्देश के बाद प्राइवेट स्कूल ईडब्ल्यूएस सीटों के लिए 28 फरवरी 2017 तक आवेदन कर लेंगे। यूटी प्रशासन द्वारा आय प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाने के कारण स्कूल ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के आवेदन फार्म स्वीकार नहीं कर रहे हैं। शिक्षा विभाग ने मामले की फाइल शिक्षा सचिव और एडवाइजर के पास अप्रूवल के लिए भेजी हुई है। डीपीएस की प्रिंसिपल रीमा दीवान के अनुसार, 100 से अधिक आवेदन आ चुके हैं। भवन विद्यालय में ईडब्ल्यूएस की 25 सीटों के लिए 50 से अधिक आवेदन आ चुके हैं।
भवन में नर्सरी की एक सीट के लिए 25 आवेदन
एंट्री लेवल क्लास में दाखिले के लिए चंडीगढ़ में सेक्टर-33 स्थित भवन विद्यालय अभिभावकों की पहली पसंद है। भवन में एक सीट के लिए 25 आवेदन आए हैं। भवन विद्यालय में जनरल कैटेगरी की 75 सीटों के लिए 1945 आवेदन फार्म जमा हुए हैं। उधर, सेक्टर-26 स्थित सेंट कबीर में नर्सरी की 90 सीटों के लिए 1500 आवेदन फार्म जमा हुए हैं। शहर के कॉन्वेंट स्कूलों में सेंट ऐंस में 200 सीटों के लिए 1848 से अधिक आवेदन फार्म जमा हुए हैं।