हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर भी नगर निगम चुनाव में कूद पड़े हैं। सीएम ने मेयर अरुण सूद के वार्ड के अलावा सोमवार को 5 जनसभाओं को संबोधित किया। सेक्टर-37 की मार्केट की पार्किंग में आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार में लिप्त रहे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके ऊपर नोटबंदी के रूप में एक हथौड़े की तरह वार किया है। इससे अब भ्रष्टाचारियों में हायतौबा मची हुई है।
सीएम ने कहा कि साल 2011 के चुनाव में उन्होंने ने सूद को वोट डाला था। उस समय वह भी इसी वार्ड के निवासी थे। सीएम के आने से पहले सांसद किरण खेर समारोह से चली गईं। सांसद ने कहा कि उन्हें दूसरी जगह जनसभा के लिए जाना है। लेकिन जब तक सांसद मंच पर रहीं, तब तक मंच पर चार पुलिस कर्मचारी भी सुरक्षा के लिए मंच पर ही मौजूद रहे।
चेक बाउंस होने पर सख्त कार्रवाई का हो प्रावाधान
सांसद किरण खेर ने समारोह में कहा कि वह मानती है कि नोटबंदी के कारण व्यापारियों को परेशानी हो रही है, लेकिन यह परेशानी कुछ समय के लिए ही है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्य वर्ग के लोग नोटबंदी से खुश हैं। सांसद ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार में भी बात की है कि चेक बाउंस होने पर सख्त से सख्त कार्रवाई का प्रावधान होना चाहिए, ताकि चेक मंजूर करने में किसी को कोई संकोच न हो।