शहर के एक नाबालिग के दिल की बीमारी के इलाज के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 50 हजार रुपये की राशि मंजूर किया है।
जानकारी के मुताबिक रामदरबार के फेज 2 निवासी एक नाबालिग को दिल की बीमारी है। उसका पीजीआई में इलाज चल रहा है। पीजीआई ने डाक्टरों ने आपरेशन के लिए हामी भी भर दी। लेकिन गरीबी के कारण परिवार उसका आपरेशन नहीं करवा पा रहा था।
इसलिए परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी। प्रधानमंत्री ने भी उनको निराश न करते हुए प्रधानमंत्री राहत कोष से 8 अप्रैल 2016 को 50 हजार रुपये की सहायता राशि मंजूर कर दी। इस संबंध में पत्र शनिवार को परिवार के पास पहुंचा। उधर, लड़के को मौलीजागरां पुलिस ने चोरी के मामले में 9 जून को काबू किया है। इसके बाद से वह बाल सुधार गृह में है।
प्रधानमंत्री ने लड़के के परिजनों को भेजे पत्र में लिखा है कि
प्रिय अनुज (काल्पनिक नाम)
आपको इस गंभीर बीमारी से मुक्त कराने के लिए हार्ट सर्जरी की जरूरत है, ऐसा ज्ञात हुआ। आपकी आर्थिक स्थिति इस आपदा की पहुंच से बाहर है यह बात मैं समझ सकता हूं। इसलिए प्रधानमंत्री राहत कोष से आपको चिकित्सा हेतु खर्च के लिए सहायतार्थ पचास हजार रुपये की राशि सैद्धंतिक रूप से मंजूर की जाती है। आप के परिवार की निस्सहाय परिस्थिति में सरकार आपकी सहायक बनी, यह राशि जनता के द्वारा किए गए सहयोग में से प्रदान की गई है। आपका परिवार समाज के इस ऋण को कभी नहीं भुला सकता, ऐसा मेरा विश्वास है। आप रोग मुक्त हो जाएं, परिवार के सुख दुख में सहभागी रहें, ऐसी मेरी शुभकामना है।
नरेंद्र मोदी।