फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह के नाम पर वेबसाइट बनाकर कमाई करने वाली कंपनी और उनके अधिकारी जल्द ही साइबर सेल की गिरफ्त में होंगे।
साइबर सेल की आरोपियों को पकड़ने के लिए दिल्ली रवाना हो चुकी है। इस मामले में कंपनी के कर्मचारी आतिर खान, सुनील कुमार सिंह, अजफर, नेटगेंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और नेट निवारण इंटरनेट्स सर्विस लिमिटेड के डायरेक्टर आरोपी हैं।
मिल्खा सिंह को फरवरी में पता चला था कि उनके नाम पर दिल्ली की एक कंपनी ने वेबसाइट बनाई है और विज्ञापन लेकर कमाई कर रही है।
वेबसाइट बनाने से पहले कंपनी ने मिल्खा सिंह से कोई अनुमति नहीं ली थी। यह वेबसाइट फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ के रिलीज होने के बाद बनाई गई थी।
मिल्खा सिंह के वकील तरमिंदर सिंह ने 16 फरवरी को कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद साइबर सेल ने वेबसाइट बनाने वाली कंपनी के कर्मचारी आतिर खान, सुनील कुमार सिंह, अजफर, दिल्ली के आश्रम नगर कुटीर नगर के प्लाट नंबर-101 स्थित नेटगेंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और नेट निवारण इंटरनेट सर्विस लिमिटेड के डायरेक्टर पर मामला दर्ज किया था।