सत्यपाल जैन का कार्टून कहने पर हंगामा
सदन में सेक्टर-51 में वी5 रोड पर विकास कार्य का एजेंडा आया तो आप पार्षद योगेश ढींगरा ने कहा कि भाजपा के क्षेत्र में ही विकास कार्य हो रहे हैं। इस दौरान पार्षद जसबीर सिंह ने कहा कि जब से सत्यपाल जैन का कार्टून हारा है तब से लोगों के पानी के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इस पर सदन में हंगामा हो गया। अकाली पार्षद हरदीप सिंह ने कहा कि सदन में भाषा की मर्यादा रखें। हंगामे के बीच वोटिंग हुई और प्रस्ताव पास हो गया।
डड्डूमाजरा की हवा, पानी और लोगों की सेहत जांचें
आप पार्षद जसबीर सिंह ने सदन में डंपिंग ग्राउंड को लेकर प्रस्ताव रखा और कहा कि अफसरों ने हाईकोर्ट में गलत जानकारी दी है। आयुक्त ने कहा कि हाईकोर्ट के मामले में कोई टिप्पणी नहीं कर सकती लेकिन जो तथ्य आप बता रहे हैं वह गलत हैं। ऐसा कोर्ट में हमने कुछ नहीं दिया है। इसके बाद पार्षद ने कहा कि डंपिंग ग्राउंड के आसपास रहने वाले लोगों व वहां काम करने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच हो। साथ ही वहां के हवा, पानी और मिट्टी की भी जांच करें ताकि लोगों को कितना नुकसान हो रहा है इसकी जानकारी मिल सके।