नगरपालिका में अस्थायी कर्मियों के बीच हुए झगड़े से पालिका कर्मचारियों ने कार्यालय में ताला लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलते ही नगरपालिका अध्यक्ष शीला देवी पार्षदों के साथ कार्यालय पहुंचीं।
उन्होंने कर्मचारियों को समझा कर ताला खुलवाया और हड़ताल खत्म कराई। बीते दिन नगरपालिका परिसर में आउटसोर्सिंग पॉलिसी के तहत लगे दो कर्मचारी साहिल व पालाराम के बीच झगड़ा हो गया था।
जिसमें साहिल घायल हुआ था। जैसे ही साहिल के घायल होने की खबर उसके रिश्तेदारों को पता चली तो वह इकट्ठे होकर नगरपालिका परिसर में आए। जहां पालाराम को पीट दिया।
पालाराम के साथ मारपीट की घटना को लेकर कर्मचारियों ने नारेबाजी कर इसकी शिकायत सचिव नगरपालिका तथा चौकी सरस्वती विहार में दी।
कर्मचारियों ने साहिल के रिश्तेदारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मेन गेट पर ताला लगाकर हड़ताल का आह्वान कर दिया।
उन्होंने मांग की है कि जब तक साहिल तथा उसके रिश्तेदारों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वह हड़ताल जारी रखेंगे। जानकारी मिलते ही नगरपालिका अध्यक्ष शीला देवी, उपाध्यक्ष कंवर अमृतपाल खिल्लन, अनिल सिंगला, पार्षद महंत तरणदास, अनिल धवन, नरेंद्र पुरी, महिंद्र सिंह, गीता डावर, पूजा, रविंद्र बिंटा, कृष्ण सैनी, कुलदीप कौर, दलजीत सिंह पहुंचे और कर्मचारी संघ के नेताओं से बातचीत की।
बातचीत के दौरान कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की। इस अवसर पर जीवन सिंगला, जयभगवान, दलबीर, सुभाष शर्मा, कृष्णा, रानी, शिव कुमार, ईसम सिंह, बलराम व गुरमेल सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित थे।
इलेक्ट्रीशियन से मारपीट पर केस
नगरपालिका में कार्यरत इलेक्ट्रीशियन के साथ मारपीट करने के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस में दर्ज शिकायत में पिहोवा निवासी पालाराम ने कहा कि गत दिवस स्टोर इंचार्ज साहिल से सामान लेने के लिए गया था।
जहां पर किसी बात को लेकर उसकी साहिल से कहासुनी हो गई थी। इस बारे जब वह नगरपालिका सचिव से शिकायत करने जा रहा था, तभी एक महिला पार्षद का पति लाभ सिंह अन्य 8-10 युवकों को कार्यालय में लाया और उससे मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।