-संशोधित नियमों के तहत एनआरआई ब्लड रिलेशन में सीट स्पाॅन्सर कर सकेंगे
-120 उम्मीदवार शामिल, 30 अगस्त तक दाखिले के लिए देना होगा पत्र
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब में नीट यूजी के तहत मेडिकल कॉलेजों में बैचलर ऑफ मेडिसन एंड बैचलर ऑफ सर्जरी (एमबीबीएस) व बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) कोर्सों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस ने सूबे के मेडिकल कॉलेजों में एनआरआई कोटे के तहत दाखिले के लिए मेरिट सूची जारी कर दी है, जिसके तहत एनआरआई कैटेगरी में कुल 120 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इससे साफ है कि इस बार एनआरआई कोटे में ज्यादा सीटें खाली रहने की संभावना नहीं है। इससे जनरल कैटेगरी को झटका लगा है।
चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान विभाग ने इस बार एनआरआई कोटा नियमों में संशोधन किया है। उसी का नतीजा है कि अब एनआरआई कोटे से अधिक उम्मीदवार दाखिले के लिए योग्य हो गए हैं, जबकि पहले इस कोटे से खाली रहने वाली सीटों को जनरल कैटेगरी से भरा जाता था। संशोधित नियमों के तहत एनआरआई ब्लड रिलेशन में अपने निकटतम संबंधियों के लिए सीट स्पाॅन्सर कर सकते हैं। इससे अब चचेरे भाई बहन को भी सीट आवंटित हो सकती है। यही कारण है कि यूनिवर्सिटी की तरफ से एनआरआई कोटे को लेकर दो अलग-अलग मेरिट सूची जारी की गई है। एक सूची में असल एनआरआई कोटे से 66 उम्मीदवार शामिल है, जबकि दूसरी एनआरआई स्पाॅन्सर मेरिट सूची में 54 उम्मीदवारों के नाम हैं। इन उम्मीदवारों को 30 अगस्त तक नोटरन्की ओर से प्रमाणित लेटर देना होगा।
9 अगस्त से इन सीटों पर आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। एनआरआई कोटे के तहत दाखिले के लिए फिजिकल एप्लीकेशन फॉर्म देने की 19 अगस्त तिथि निर्धारित की गई थी। 10 कॉलेजों की 1550 में से 183 सीटें एनआरआई कैटेगरी के लिए रिजर्व हैं। पिछले साल 183 में से 148 एनआरआई कैटेगरी की सीटें खाली रही थीं और जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों से ही ये सीटें भरी गई थीं।
28 अगस्त को रिजल्ट वेबसाइट पर
दाखिले के लिए रविवार 25 अगस्त से लेकर 27 अगस्त तक सीट आवंटित की जाएंगी। 28 अगस्त को इसका रिजल्ट वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। शेड्यूल के तहत 29 अगस्त को कॉलेज अलॉटमेंट लिस्ट जारी की जाएगी, जिस पर यूनिवर्सिटी दाखिला ब्रांच में व्यक्तिगत रूप से पेश होकर इच्छुक उम्मीदवार अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकेंगे। अगर सूची में किसी भी तरह का बदलाव होगा तो उसे 30 अगस्त को वेबसाइट पर डाल दिया जाएगा।