प्रशासन ने नए साल में होने वाले महापौर चुनाव की तारीख तय कर ली है। इस बार आठ जनवरी 2021 को शहर को नया महापौर मिलेगा। मेयर के साथ-साथ वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर के लिए भी चुनाव होगा। शनिवार को डीसी मंदीप सिंह बराड़ के नेतृत्व में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि महापौर का चुनाव आठ जनवरी को कराया जाएगा। महापौर चुनाव के दौरान डीसी भी सदन में उपस्थित होंगे। इस बार महापौर का पद सामान्य पार्षद के लिए आरक्षित है। दावेदारों ने अभी से उम्मीदवार बनने के लिए गुटबाजी शुरू कर दी है।
अजय दत्ता होंगे चुनाव अधिकारी
महापौर चुनाव के लिए मनोनीत पार्षद को ही चुनाव अधिकारी बनाया जाता है। इस बार चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी मनोनीत पार्षद अजय दत्ता संभालेंगे। चुनाव में 26 पार्षदों के अलावा सांसद किरण खेर भी मतदान करेंगी जबकि नौ मनोनीत पार्षदों के पास वोट देने का अधिकार नहीं है।
उम्मीदवार के रूप में एक माह पहले से शुरू हो गए कयास
भाजपा में महापौर पद का उम्मीदवार बनने के लिए पार्षदों के नामों को लेकर एक माह पहले से ही कयास लगना शुरू हो गया था। इसमें शक्ति प्रकाश देवशाली, महेश इंदर सिंह, वर्तमान वरिष्ठ उप महापौर रविकांत शर्मा, उप महापौर जगतार सिंह, विनोद अग्रवाल और राजेश गुप्ता के नामों को लेकर लगातार कयास लगाए जाते रहे हैं।
भाजपा के पास जीत के आंकड़े
इस समय भाजपा के पास जीत के आकड़े से ज्यादा मत है। नगर निगम में भाजपा के 20, एक अकाली पार्षद व कांग्रेस के पांच पार्षद हैं। पिछले चुनाव तक अकाली दल का समर्थन भाजपा को था। इस बार दोनों दलों के बीच कुछ दूरियां बनी हुई हैं। एक मत सांसद का होता है। वह भी भाजपा के पक्ष में है। कुल मिलाकर भाजपा के पास जीत दर्ज करने के लिए पूरी क्षमता है।
चार जनवरी तक नामांकन कर सकते हैं पार्षद
नगर निगम के सचिव अनिल गर्ग ने बताया कि पंजाब नगर निगम अधिनियम के तहत चुनाव के चार दिन पहले तक नामांकन किया जा सकता है। इस तरह चार जनवरी तक दावेदार अपना नामांकन पत्र भर सकते हैं। इसके बाद पांच दिसंबर को पत्रों की पड़ताल होगी। चुनाव के आखिरी दिन तक दावेदार अपना नाम वापस ले सकते हैं। नामांकन करने के लिए सोमवार को बैठक कर तिथि तय कर दी जाएगी।