शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट अमरूत (अटल मिशन फॉर रेजुवेशन एंड अर्बन ट्रांसफोर्मेशन) की वर्षगांठ पर नगर निगम ने शनिवार को पहले दो कामों की शुरुआत कर दी है। डड्डूमाजरा और मलोया में घरों के भीतर से पानी और सीवरेज की पाइप निकालने का काम कमिश्नर और मेयर के नेतृत्व में शुरू कर दिया गया है।
नगर निगम कमिश्नर बी पुरुषार्था और मेयर अरुण सूद ने प्रेसवार्ता में बताया कि अमरूत स्कीम के तहत साल 2016-17 में कुल 94 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत स्टेट लेवल टेक्निकल कमेटी ने पांच काम तय किए हैं जिनमे कजौली वाटर वर्क्स के दो नए फेज से आने वाला 35 एमजीडी पानी भी शामिल है।
कमिश्नर ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत जंडपुरा से लेकर सेक्टर-39 के प्रमुख वाटर वर्क्स तक पाइप लाइन डाली जाएगी। अमरूत स्कीम के तहत पांच साल में शहर को केंद्र सरकार की ओर से 349 करोड़ रुपये की राशि मिलनी है। इसके तहत पहले साल 33.04 करोड़ रुपये की राशि मंजूर हो चुकी है। कमिश्नर ने कहा कि इस स्कीम के तहत शहरवासियों पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं डाला जाएगा। इस स्कीम के तहत इस साल रामदरबार के सीवरेज सिस्टम को मजबूत करने और मनीमाजरा के इंदिरा कालोनी की वाटर सप्लाई की लाइने बाहर निकालने का काम किया जाएगा।
चिल्ड्रेन फ्रेंडली तीन पार्क बनेंगे
कमिश्नर ने बताया कि अमरूत स्कीम के तहत हर साल एक पार्क बनाना जरूरी है। ऐसे में 48,51 और 52 में तीन नए पार्क बनाने का प्रस्ताव है। अमरूत स्कीम के तहत ट्रीटमेंट प्लांट को अपडेट भी किया जाना है।
अगली गर्मी से पहले दूर हो जाएगी पानी की किल्लत
पुरुषार्था ने दावा किया है कि कजौली वाटर वर्क्स के पांचवें और छठें फेज से शहर को पानी लाने का काम जुलाई में शुरू हो जाएगा। अगली गर्मी से पहले शहर में पानी की किल्लत दूर हो जाएगी।
प्रशासन से मांगी राशि
उन्होंनेे बताया कि दो नए फेज से पानी लाने के प्रोजेक्ट के लिए 98 करोड़ रुपये की जो राशि गमाडा को दी गई है, वह राशि प्रशासन से मांगी गई है। सलाहकार को एक पत्र लिखकर बताया गया है कि प्रशासन के वायदे के बाद ही यह राशि पंजाब को रिलीज की गई थी।
पार्षदों और अधिकारियों की होगी ट्रेनिंग
अमरूत स्कीम के तहत पार्षदों और अधिकारियों को ट्रेनिंग भी दी जाएगी। कमिश्नर ने बताया कि टाउन प्लानिंग, फाइनेंस और रेवन्यू मेनटेन करने के लिए हैदराबाद के इंजीनियरिंग स्टाफ कालेज आफ इंडिया और डा. एमसीआर ह्यूमन रिर्सोस डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट में ट्रेनिंग होगी। जबकि पब्लिक हेल्थ के बारे में लखनऊ में प्रशिक्षण होगा।
कांग्रेस पार्षदों ने मोदी के भाषण का किया बहिष्कार
अमरूत स्कीम के एक साल पूरे होने पर नगर निगम के सदन में पीएम मोदी का भाषण दिखाया गया। इसके लिए सभी पार्षदों को बुलाया गया था। लेकिन कांग्रेस के पार्षदों ने इसका बहिष्कार किया जबकि तीन मनोनीत पार्षदों ने भाग लिया। भाजपा के पार्षद देसराज और आशा जसवाल नहीं आए। जबकि सतीश कैंथ जेल में हैं।