स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सेक्टर-17 और सेक्टर-16 रोज गार्डन के बीच बनने वाले अंडरपास का काम शुरू होने में देरी के चलते अब यह सड़क आज दिसंबर से बंद होगी। पहले फेज में मटका चौक से सेक्टर-16 लाइट प्वाइंट तक जाने वाली सड़क (आरबीआई के पीछे) तीन महीने के लिए बंद रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस ने हिदायत जारी की है कि वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करें। इसके लिए ताज होटल के सामने से लेफ्ट टर्न लिया जा सकता है। पहले फेज का काम पूरा होने के बाद सेक्टर-16 लाइट प्वाइंट से मटका चौक तक आने वाली सड़क बंद की जाएगी।
इस अंडरपास के निर्माण पर 8 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। इसका फायदा यह होगा कि प्लाजा से रोज गार्डन जाने के लिए सड़क पार करने में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। सेक्टर-16 रोज गार्डन में सुबह-शाम सैर के लिए जनमार्ग क्रास करने के लिए तेज रफ्तार गाड़ियाें की लाइन टूटने का इंतजार करना पड़ता है। इससे सड़क हादसा होने का भी खतरा रहता है। इससे सेक्टर-17 प्लाजा की भी आवाजाही बढ़ जाएगी क्योंकि रोज गार्डन घूमने वाले काफी आराम से अंडरपास से होते हुए सेक्टर-17 प्लाजा पहुंच जाएंगे।