नामधारी दरबार ने गुरुमाता चंद कौर के हत्यारों के बारे में सुराग देने वाले को बीस लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। दरबार ने साफ किया है कि यदि पंजाब सरकार आने वाले कुछ दिनों में माता चंद कौर की हत्या के मामले में किसी नतीजे पर न पहुंची तो दरबार सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन (सीबीआई) का दरवाजा खटखटाएगा।
नामधारी दरबार के प्रधान और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रधान एचएस हंसपाल ने कहा कि यह एलान सतगुरु उदय सिंह की सहमति के साथ किया गया है। चार अप्रैल को माता चंद कौर की अज्ञात हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हत्यारों को काबू करने के लिए सरकार ने विशेष जांच टीम का गठन किया है। अभी तक इस हत्याकांड के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
पुलिस ने आरोपियों के बारे में सूचना देने वाले को दस लाख का इनाम देने का एलान कर रखा है। अब नामधारी दरबार ने भी बीस लाख रुपये के इनाम की घोषणा कर दी है। हंसपाल ने कहा कि पंजाब सरकार हत्यारों तक पहुंचने का पुरजोर प्रयास कर रही है। उम्मीद है कि पुलिस जल्दी ही उनको काबू कर लेगी। इससे पहले भी तीन घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन उनको लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, इसलिए संगत में संदेह है। नामधारी दरबार ने संगत से आग्रह किया कि वह घबराएं नहीं।
तुरदे फिरदे जाने की थी इच्छा
हंसपाल ने कहा कि एक अप्रैल को सग्गू अस्पताल में माता चंद कौर के तमाम रूटीन चेकअप कराए गए थे। उनकी सारी रिपोर्ट सही आई थी, लेकिन अस्पताल में माता जी मरीजों को देख कर विचलित हो गईं थी। तब उन्होंने कहा था कि मेरी यही इच्छा है कि मैं तुरदी फिरदी जावां।