चंडीगढ़ में फर्नीचर मार्केट में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
सारंगपुर मार्बल मार्केट स्थित शनिवार देर रात फर्नीचर की दुकानों में भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि एक-एक कर नौ दुकानें जलकर राख हो गईं। मौके पर दमकल विभाग की गाड़ियों ने पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया। इस आग में करोड़ों का नुकसान का अनुमान है। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
शनिवार देर रात एक बजकर 55 मिनट पर दमकल विभाग को सूचना मिली कि सारंगपुर मार्बल मार्केट (मुल्लांपर चौक) फर्नीचर की दुकानों पर भीषण आग लगी है। सूचना पर चंडीगढ़ से फायर स्टेशन समेत अलग-अलग जगहों से कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया।
एक-एक कर नौ दुकानें जलकर राख हो गई। जिसके बाद दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। इस आग में अलग-अलग फर्नीचर जलकर पूरी तरह राख हो गया है। वहीं, दमकल विभाग के कर्मचारी का कहना है कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने के बारे में पता लगा है। हालांकि मामले की छानबीन की जा रही है।