गिद्दड़बाहा शहर के घंटाघर तले स्थित केवल बुक स्टोर व दुकान के ऊपर आवास में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। पारिवारिक सदस्यों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। आग बुझाने के लिए गिद्दड़बाहा के अलावा मलोट, मुक्तसर, बठिंडा समेत अन्य स्थानों से दमकल की गाड़ियां मंगवानी पड़ी। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग किस वजह से लगी है, इसका खुलासा नहीं हो सका।
जानकारी के अनुसार केवल बुक स्टोर पर मंगलवार को सुबह करीब छह बजे अचानक आग लग गई। जब आग लगी तब दुकान मालिक परिवार के साथ दुकान के ऊपर स्थित आवास में सो रहे थे। आग का पता लगने पर परिवार ने भागकर अपनी जान बचाई। बुक स्टोर के मालिक प्रदीप अरोड़ा ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैलती गई कि ऊपर स्थित आवास को भी चपेट में ले लिया।
यही नहीं आसपास की दुकानों की ओर भी आग बढ़ने लगी तो लोगों ने दुकानें खाली करना शुरू कर दिया। आग पर काबू पाने के लिए गिद्दड़बाहा की दो दमकल गाड़ियां समेत मलोट, बठिंडा से दो-दो और मुक्तसर, अबोहर व कोटकपूरा से भी एक-एक फायर टैंकर मंगवाने पड़े। लगभग छह घंटे के बाद आग पर काबू पाया जा सका, तब तक सब कुछ जल चुका था।
उन्होंने बताया कि स्कूलों में नया सेशन शुरू होने के कारण दुकान में लगभग एक करोड़ का माल था। वहीं रिहायश पर मौजूद सारे सामान के अलावा करीब तीन लाख रुपये की नकदी व सोने-चांदी के कुछ गहने भी थे। सब कुछ जल गया है। आग का पता चलते ही एसडीएम गगनदीप सिंह, डीएसपी नरिंदर सिंह, एसएचओ अंगरेज सिंह, एएसआई गुरदीप सिंह, कार्यसाधक अफसर जगसीर सिंह धालीवाल भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। पीड़ित दुकानदार ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की।