संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। महानगर में तड़के एसडी कॉलेज रोड स्थित दो दुकानों पर राजस्थानी स्विफ्ट कार में आए चोरों ने लाखों के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची थाना नवीं बारादरी की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई जिसमें आरोपी स्विफ्ट से उतरते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। सीसीटीवी में आरोपी साढ़े तीन बजे एसडी कॉलेज रोड पर रुके थे। चोरों ने कृष्णा मेडिकल स्टोर और वीके बुक डिपो में वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी दोनों दुकानों के अंदर से लाखों रुपये का सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक कार सवार सभी आरोपियों ने पगड़ी पहनी हुई थी। वारदात के बाद आरोपियों ने शास्त्री मार्केट के पास भी चोरी की कोशिश की थी। सोमवार की सुबह जब दुकान के मालिक आए तो चोरी का पता लगा। इसके बाद थाना नई बारादरी की पुलिस को सूचित किया गया। दुकानदार सुदेश धवन ने बताया कि इस चोरी से पहले भी कई वारदातें उक्त रोड पर हो चुकी हैं, लेकिन किसी भी मामले का खुलासा नहीं हो सका। पुलिस द्वारा न तो पेट्रोलिंग बढ़ाई गई और न ही मामला ट्रेस किया गया। घटना के बाद मौके पर पुलिस जांच के लिए पहुंच गई थी। वहीं, थाना नई बारादरी प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच कर रहे हैं आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।