फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ में बाजार गुलजार: धनतेरस पर आभूषण के साथ बूम पर बर्तन बाजार, शुभ मुहूर्त में हो रही खरीदारी

Fri, 10 Nov 2023 01:34 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

धनतेरस के लिए चंडीगढ़ के सेक्टरों की बाजारों के साथ ही इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 में दुकानें सज गई हैं। बर्तन एंड क्रॉकरी संगठन के अध्यक्ष नरेश गर्ग ने बताया कि इस साल बाजार में काफी रौनक है। शहर में बर्तन की 70 दुकान हैं।
विज्ञापन
चंडीगढ़ के बाजारों में सजावट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

धनतेरस और दिवाली के लिए चंडीगढ़ के बाजार सज गए हैं। धनतेरस के दिन बर्तन के साथ ही सोने चांदी खरीदना बेहद शुभ होता है। एक ओर जहां ज्वेलरी के शोरूम में लोगों ने धनतेरस के दिन भीड़ की आशंका को देखते हुए एडवांस बुकिंग कर ली है, वहीं बर्तन की दुकानों पर स्टील और पीतल के साथ ही क्रॉकरी की ढेरों रेंज ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तैयार है।

विज्ञापन


सड़कों पर खरीदारों की भीड़ गुरुवार को भी काफी संख्या में नजर आई। बाजार की रौनक को देखकर दुकानदार बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि कोरोना के कारण लंबे अंतराल के बाद बाजार में रौनक लौटी है। लोग खुलकर खरीदारी करने को तैयार हैं। इसलिए डिमांड के अनुसार भरपूर स्टॉक भी सजाया गया है। इस बार आभूषण के साथ बर्तन बाजार बूम आने की उम्मीद है।


विज्ञापन



सेक्टरों के साथ ही इंडस्ट्रियल एरिया में धूम
धनतेरस के लिए शहर के सेक्टरों की बाजारों के साथ ही इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 में दुकानें सज गई है। बर्तन एंड क्रॉकरी संगठन के अध्यक्ष नरेश गर्ग ने बताया कि इस साल बाजार में काफी रौनक है। शहर में बर्तन की 70 दुकान हैं। जिसमें प्रमुख रूप से इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 के साथ ही सेक्टर 8, 15, 17, 18, 19, 20, 22, 35, 40 और 45 बुड़ैल मार्केट प्रमुख है। उन्होंने बताया कि धनतेरस के दिन सबसे ज्यादा स्टील के बर्तनों की खरीदारी होती है। उसके साथ ही लोग दिवाली पर उपहार देने के लिए क्रॉकरी खरीद रहे हैं। वहीं पूजा के लिए पीतल के बर्तन की खरीदारी हो रही है।

यह भी पढ़ें: Bathinda: छत पर चढ़ व्यक्ति ने बंदूक से अंधाधुंध फायरिंग कर ली दो की जान, फिर कर ली आत्महत्या




आज ज्वेलरी की लेंगे डिलीवरी
विडमेट से बचने के लिए लोगों ने एडवांस बुकिंग कर रखी है यह कहना है सेक्टर 35 सी स्थित सुंदर ज्वैलर्स के एमडी महेंद्र खुराना का। उन्होंने बताया कि खास तौर पर धनतेरस के दिन ज्वेलरी शोरूम में काफी भीड़ होती है। इसलिए इस बार ज्यादातर ग्राहकों ने अपने मनपसंद ज्वेलरी की बुकिंग पहले ही कर ली है। क्योंकि उस दिन उन्हें आभूषण पसंद करने का ज्यादा समय नहीं मिल पाता। इसलिए धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर वह आकर बुकिंग वाले आभूषणों की डिलीवरी लेंगे। वहीं सेक्टर 34 स्थित शाम ज्वेलर्स के मालिक गगन खुराना ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार सोना लगभग 5000 रुपए महंगा है। इसके बावजूद लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। शादी ब्याह के लिए भी लोगों ने आभूषण की एडवांस बुकिंग कर रखी है, जिसकी डिलीवरी भी वे धनतेरस के दिन ही लेंगे।

इस शुभ मुहूर्त में करें खरीदारी
श्री देवालय पूजक परिषद चंडीगढ़ के अध्यक्ष और सेक्टर 18 के श्री राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी पंडित डॉ. लाल बहादुर दुबे ने बताया कि धनतेरस को दोपहर 1 बजकर 31 मिनट से दोपहर बाद 2 बजकर 50 मिनट तक शुभ की चौघड़िया और शाम में 5 बजकर 22 मिनट से शाम सात बजकर 5 मिनट तक शुभ की चौघड़िया में गहने और बर्तन खरीदना बेहद शुभ रहेगा।

दिवाली के लिए बिन बाती और तेल के दीये बने लोगों की पसंद
दिवाली के लिए बाजार सज चुके हैं और सब अपनी पसंद का सजावट का सामान ले रहे हैं। कोई मिट्टी के बने तो कोई लाइट वाले दीये से लक्ष्मी के स्वागत के लिए अपने घर को सजा रहा है। बाजार में 1.66 रुपये के दीये से लेकर 200 रुपये के दीये मिल रहे हैं। सबसे सस्ते मिट्टी के दीये हैं, जिनका एक दर्जन सेट 20 रुपये में मिल रहा है। 

इसके अलावा कारीगरी और तकनीक के अनुसार दीये के दाम हैं। इस बार लोगों को लाइट वाले दीये विशेष रूप से पसंद आ रहे हैं, जिनमें सेल प्रयोग किए गए हैं। कई दीये पानी में जलने वाले भी हैं तो कुछ में लाइट ऑन करने के लिए बटन लगे हैं। लाइट वाले छह दीये का सेट 120 रुपये में मिल रहा है। वहीं खुशबूदार मोमबत्ती 100 रुपये की एक मिल रही है। सेल वाली 24 मोमबत्तियों का सेट 950 रुपये का मिल रहा है, बाकी कीमत व्यक्ति के मोल-भाव की क्षमता पर निर्भर करते हैं।

दमकल विभाग ने कसी कमर, कर्मियों की छुट्टियां रद्द 
दिवाली के दौरान किसी भी प्रकार की आग की घटना के दौरान न्यूनतम प्रतिक्रिया समय और अग्निशमन एवं बचाव वाहनों की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए दमकल विभाग पूरी तरह तैयार है। विभाग की ओर से आग की घटनाओं से निपटने के लिए 10 से 13 नवंबर तक सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए 24 घंटे दमकल की कई गाड़ियों को अलर्ट मोड़ पर रखा गया है। साथ ही दमकल विभाग ने शहर के 8 व्यस्त मार्केटों को चिन्हित करते हुए दमकल की गाड़ियों को ट्रैफिक की भीड़-भाड़ से बचाते हुए निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सड़क पर ट्रैफिक के बीच रास्ता बनाने और बाजारों में मौजूद अतिक्रमण को तुरंत हटवाने के लिए कहा गया है। 

दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलते ही गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर रहेगी, क्योंकि त्योहार में इन क्षेत्रों में आग लगने की आशंका ज्यादा रहती है। इसलिए दमकल गाड़ियों के साथ बाइक को भी तैयार किया गया है, जो कॉलोनी और गांवों की संकरी गली में आग पर काबू पाने सक्षम होंगी। एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया जा रहा है। ताकि कर्मचारियों पर निगरानी रखी जा सके। यह भी निर्देश दिया गया कि अधिकारियों और ड्यूटी अधिकारियों के बीच मजबूत समन्वय के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जा रहा है। ताकि डयूटी पर तैनाती की अवधि के दौरान तस्वीरें और वीडियो अपडेट किए जाएं। 

सभी अग्निशमन केंद्रों के साथ-साथ वाहनों की प्राथमिक चिकित्सा किटों की जांच की जाए और सभी जलाशयों और टेंडरों को चौबीसों घंटे भरा रखा जाएं। इसके अलावा फायर उपकरणों से लैस मोटरसाइकिल शहर के विभिन्न हिस्सों में पेट्रोलिंग करेगी, ताकि दीवाली वाले दिन शहर के किसी भी हिस्से से अगर आग की सूचना मिलती है तो वहां तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
विज्ञापन

पटाखा विक्रय केंद्रो पर विशेष नजर..
दकमल विभाग की ओर से प्रशासन की ओर से लाइसेंस अलॉट कर दिए गए पटाखा मार्केट की शॉप पर बराबर चैकिंग की जा रही है। जिसमें यह देखा जा रहा है कि पटाखा विक्रेताओं की ओर से फायर सेफ्टी को लेकर सभी बंदोबस्त सुनिश्चित किए गए हैं या नहीं। साथ ही पटाखा मार्केटों पर पहले से ही पानी के टैंकर, रेत लगाए गए हैं। विभाग सभी दुकानों की बाकायदा नियमित चेकिंग करेगा, जहां पटाखे बिकने हैं।

इन मार्केट में विशेष नजर...:
1. पटेल मार्केट, सेक्टर-15,
2. प्लाजा, सेक्टर 17,
3. सदर/पालिका बाजार, सेक्टर-19,
4. शास्त्री मार्केट, सेक्टर-22
5. अनाज मंडी, सेक्टर -26
6. एलांते मॉल, औद्योगिक क्षेत्र फेस-1
7. मेन बाजार मनीमाजरा
8. शहर का घनी आबादी वाला, असुरक्षित और भीड़भाड़ वाला क्षेत्र या शहर में स्थित कोई अन्य बाजार/भारी आवाजाही वाले स्थान।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें