पंजाब का 2022 के चुनावी रण कई मायनों में याद रखा जाएगा। यह पहली बार ही हो रहा है कि पंजाब में कई सियासी दिग्गज अपने लिए ही वोट नहीं डाल पाए। इनमें तीन चेहरे तो बड़ी राजनीतिक पार्टियों के मुख्यमंत्री चेहरे हैं। इनमें कांग्रेस से चरणजीत सिंह चन्नी, आप से भगवंत मान और शिअद से सुखबीर सिंह बादल शामिल हैं। इनके अलावा बठिंडा से वित्त मंत्री मनप्रीत बादल और आप छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं रूपिंदर कौर रूबी भी अपने लिए वोट नहीं डाल पाईं।
चरणजीत चन्नी को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया है। पार्टी की ओर से उन्हे भदौड़ और चमकौर साहिब सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। वह खरड़ विधानसभा सीट से मतदाता के रूप में दर्ज हैं। यही वजह है कि वह अपने लिए मतदान नहीं कर सके।आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरा सांसद भगवंत मान हैं। उनका वोट मोहाली में है। जबकि मान धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव में वह अपना वोट मोहाली में डालने आए।
अकाली दल-बसपा गठबंधन के अघोषित मुख्यमंत्री चेहरा सुखबीर बादल भी अपने लिए वोट नहीं कर पाए। वह जलालाबाद सीट से चुनाव मैदान में हैं, जबकि उनका वोट बादल गांव में आता है। लंबी से उनके पिता प्रकाश सिंह बादल चुनाव मैदान में हैं। बठिंडा से वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि उनका वोट गिद्दड़बाहा में दर्ज है। वह इस चुनाव में अपने लिए ही वोट नहीं कर पाए। इसी तरह मलोट से चुनाव लड़ रही रूपिंदर रूबी का वोट बठिंडा देहात में है। वह भी अपने खातिर मतदान नहीं कर सकीं।
पहले माथा टेका फिर मतदान कर निभाई जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने रविवार को मतदान से पहले परमात्मा के दरबार में हाजिरी लगाई। इसके बाद अपने-अपने केंद्रों पर जाकर मतदान किया। मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया।
भगवंत मान धूरी से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वह मोहाली के फेज-3बी1 में रहते हैं। मान सुबह आठ बजे मतदान करने पहुंचे। इससे पहले फेज-3बी1 स्थित गुरुदारा साचा धन साहिब में माथा टेका। इसके बाद माता वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई। इसके बाद फेज-3बी1 के सरकारी प्राइमरी स्कूल में मतदान किया।
पंजाब के सीएम व चमकौर साहिब से कांग्रेस उममीदवार चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने गृह शहर खरड़ में मतदान किया। मतदान से पहले उन्होंने इलाके के कई धार्मिक स्थानों में माथा टेका। पार्टी की जीत की दुआ की।