भोग पर सरदारिया ट्रस्ट लगाएगा पगड़ियों का लंगर
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को एक मान देते हुए सरदारियां ट्रस्ट के नेताओं ने सिद्धू मूसेवाला के पीड़ित परिवार के साथ दुख बांटा और अपील की है कि सिद्धू मूसेवाला केसधारी व पगड़ीधारी थे, इस कारण नौजवानों को वहां भोग वाले दिन पगड़ी बांधकर बड़ी संख्या में पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान सरदारियां ट्रस्ट की ओर से पगड़ियों का लंगर भी लगाया जाएगा।
मूसेवाला के परिवार को तंवर ने दी सांत्वना
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने सोमवार को परिवार समेत प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला के आवास पर पहुंचकर सिद्धू मूसेवाला के शोकग्रस्त परिवार को ढांढस बंधाया। तंवर ने कहा कि सिद्धू ने छोटी आयु में ही विश्व में नाम कमाया और लाखों-करोड़ों की फैन संख्या हासिल की।
उनका असमय जाना अपूर्णनीय क्षति है। यह परिवार के साथ ही करोड़ों समर्थकों के लिए गहरा आघात है। कानून अपना काम कर रहा है, दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। इस अवसर पर तंवर की धर्मपत्नी अवंतिका तंवर, पुत्र अनिरुद्ध, आदिकर्ता, बेटी अभिस्तदा सहित सिरसा संसदीय क्षेत्र से अनेक लोग गांव मूसा पहुंचे और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की।