चंडीगढ़। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 27 मार्च को चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की नई इमारत का उद्घाटन किया था। अब सीएचबी के कई विभाग नई इमारत में शिफ्ट हो चुके हैं इसलिए पुरानी इमारत को सीएचबी ने किराए पर देने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। इसके लिए सबसे पहले रक्षा मंत्रालय के एक विभाग ने रुचि दिखाई है। जिस पर फैसला लेने के लिए शुक्रवार को सीएचबी के सीईओ यशपाल गर्ग ने एक बैठक बुलाई है।
इंडस्ट्रियल एरिया फेस-वन स्थित ऑर्डिनेंस फैक्टरी में पहले रक्षा मंत्रालय की एक टेस्टिंग लैब थी। कुछ महीने पहले ऑर्डिनेंस फैक्टरी का केंद्र सरकार ने कॉरपोरेटाइजेशन कर दिया है। उसके बाद से उन्हें वह जगह छोड़नी पड़ रही है। नई जगह के लिए ही उन्होंने सीएचबी से संपर्क किया है। इस मुद्दे को लेकर सीईओ यशपाल गर्ग ने शुक्रवार को बैठक बुलाई है।
माना जा रहा है कि शुक्रवार को सीएचबी फैसला ले लेगा। सीएचबी के अधिकारियों ने बताया कि जो हिस्सा रक्षा मंत्रालय को चाहिए, वह खाली हो चुका है और वहां के सभी विभाग नई इमारत में शिफ्ट हो चुके हैं। बता दें कि सीएचबी ने 60 करोड़ रुपये की लागत से नई इमारत का निर्माण किया है। सीईओ, सचिव समेत सभी अधिकारियों ने भी नई इमारत में बैठना शुरू कर दिया है।
नई इमारत में हैं कई विशेषताएं
इस ग्रीन बिल्डिंग का निर्माण कार्य 1,31,420 स्क्वॉयर फुट एरिया में पूरा किया गया है। इसमें एनर्जी सेविंग के साथ ही कई तरह के नए फीचर्स शामिल किए गए हैं। इमारत में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के साथ सोलर पैनल सिस्टम भी लगाया गया है। इसके अलावा एनर्जी एफिशिएंट वीआरवी सिस्टम, सीडी मॉनिटरिंग बेस्ड कार पार्किंग वेंटिलेशन सिस्टम, एलईडी एफिशिएंट इंटीरियर लाइटिंग और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) लगाया गया है। इमारत में दो बेसमेंट पार्किंग में 221 वाहनों को पार्क करने की क्षमता है, जिसमें से केवल 33 वाहन ही सरफेस पर पार्क किए जा सकेंगे। इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए चार्जिंग स्पॉट भी बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा बिल्डिंग मैनेजमेंट सेंटर बनाया गया है, जिससे इस सेंटर में बैठा कर्मी पूरी बिल्डिंग के एयर कंडीशनर, लाइटिंग और अन्य सेवाओं को नियंत्रित कर सकेगा।