दिवाली के अवसर पर पंजाब का औसत एक्यूआई 2021 में 268 (खराब) और 2020 में 328 (बहुत खराब) के मुकाबले इस साल 224 (खराब) रहा। इस साल अमृतसर में एक्यूआई 262 के साथ खराब दर्ज किया गया। हालांकि पिछले साल अधिकतम एक्यूआई 327 (बहुत खराब) जालंधर में दर्ज किया गया था और 2020 में अधिकतम एक्यूआई स्तर 386 (बहुत खराब) अमृतसर में देखा गया था। इस साल न्यूनतम एक्यूआई मंडी गोबिंदगढ़ में 188 (मध्यम) दर्ज किया गया, जोकि पिछले साल 220 (खराब) और 2020 में 262 (खराब) दर्ज किया गया था।
पिछले साल दो शहरों (अमृतसर और जालंधर) का एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी में रहा, जबकि 2020 में चार शहरों अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला का एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी में रहा। इस साल कोई भी शहर एक्यूआई की बहुत खराब श्रेणी में नहीं रहा। इस साल एक्यूआई में सबसे अधिक कमी जालंधर (31.2 प्रतिशत) और सबसे कम कमी पटियाला (7.0 प्रतिशत) में देखी गई।
सीएएक्यूएमएस के जरिये रखी प्रदूषण पर नजर
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन प्रो. आदर्श पॉल विग ने दिवाली त्योहार के मौके पर ग्रीन पटाखों का प्रयोग करने और पटाखे चलाने संबंधी तय समय की एडवाइजरी का पालन करने के लिए पंजाब के लोगों का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि इसी के फलस्वरूप बीते साल और 2020 के मुकाबले इस साल वायु की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। बोर्ड के सदस्य सचिव करुनेश गर्ग ने कहा कि पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने पंजाब के 6 शहरों अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, खन्ना, मंडी गोबिंदगढ़ और पटियाला में स्थापित निरंतर परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन (सीएएक्यूएमएस) के जरिये प्रदूषण पर सतत नजर रखी है।
100 तक संतोषजनक है एक्यूआई
सीपीसीबी के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई के स्तर को ‘अच्छा’ और 51-100 के बीच को ‘संतोषजनक’ माना जाता है। इसके बाद 101-200 तक ‘मध्यम’, 201-300 तक ‘खराब’, 301-400 तक ‘बहुत खराब’ और 401-500 तक ‘गंभीर’ माना जाता है।