पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री व भाजपा नेता मनप्रीत सिंह बादल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच सोशल मीडिया पर चल रही जुबानी जंग तेज हो गई। मनप्रीत बादल ने शुक्रवार शाम सीएम भगवंत मान पर जवाबी हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि भगवंत जी.. ड्रामा करना आपका पेशा था और अब भी है। पंजाब के लोग आपके ड्रामे देख रहे हैं। फिर उन्होंने शेर लिखा- मैं बताऊं काफिला क्यों लुटा? तेरा (सीएम) रहजनों से था वास्ता, मुझे हार जनों से गिला नहीं, तेरी (सीएम दी) रहबरी पर सवाल है। शेर के नीचे उन्होंने शब्दों का अर्थ भी बताया है। मलाल का अर्थ अफसोस, दुख का रंज और रहजनों का अर्थ लुटेरे लिखा है। साथ ही एक सीएम का एक पुराना वीडियो भी शेयर किया है।
मनप्रीत बादल की तरफ से जो वीडियो शेयर किया है, वह उस समय का है जब मनप्रीत और सीएम भगवंत मान एक ही पार्टी पीपीपी में थे। उस समय वह विदेश गए थे, जिसमें भगवंत मान कह रहे हैं कि पंजाब के लोगों को यह लगता है कि पूरी दुनिया में नेता हूटर बजाती लाल बत्ती वाले वाहनों में आते हैं। उन्हें नहीं पता कि ग्रॉसरी की दुकानों में लाइनों में भी नेता खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि मनप्रीत जी वह दिन देखना चाहते हैं जब पंजाब का मुख्यमंत्री लोगों के साथ लाइन में लगकर सिलिंडर भरवाने के लिए खड़ा होगा। साथ ही लोग उसके साथ फोटो नहीं खिचाएंगे। वीआईपी कल्चर खत्म कर देंगे।
मान ने कहा था- आप ईमानदारी के उदाहरण न दें
दरअसल, कुछ दिन पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मनप्रीत ने कहा था कि भगवंत मान जी मैं न आपसे डरता हूं और न आपकी विजिलेंस से। साथ ही पुरानी यात्रा पर एक जिक्र किया था कि कैसे वह टोल टैक्स देकर यात्रा करते हैं। इस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक शेर लिखकर जवाब दिया था कि... मनप्रीत जी आप ईमानदारी के बड़े उदाहरण न दें। मुझे आप के बागों के एक-एक किन्नू का पता है। अपनी गाड़ी खुद चलाना.. टोल टैक्स देना.. यह सब ड्रामे हैं। आपकी भाषा में शेर हाजिर है - तू इधर उधर की न बात कर यह बता काफिला क्यों लुटा, मुझे रहजनों से गिला नहीं, तेरी रहबरी का सवाल है। साथ ही लिखा कि जवाब का इंतजार रहेगा।