बिजली कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से 36 घंटे से शहर के कई इलाकों में बिजली-पानी नहीं है। अब पंजाब के आनंदपुर साहिब से सांसद मनीष तिवारी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप करने की अपील की है। तिवारी के अलावा बिंदु दारा सिंह व अन्य कई लोगों ने भी चंडीगढ़ के बिजली संकट को लेकर ट्वीट किया है। बुधवार को चंडीगढ़ ट्विटर पर ट्रेंड कर रहा है।
सोशल मीडिया पर चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर को लोगों ने खूब कोसा। कहा कि शहर में लोग पूरे दिन परेशान होते रहे लेकिन सांसद किरण खेर की तरफ से कोई बयान नहीं जारी किया गया। कई लोगों ने लिखा कि सांसद किरण खेर इंडिया गॉट टैलेंट शो को करने में व्यस्त हैं। उन्हें शहरवासियों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है।
शहर के भारत भूषण पुरी ने कहा कि कर्मचारियों ने बिजली जानबूझ कर बंद की है। चंडीगढ़ में इमरजेंसी जैसी स्थिति है। शहर में बिजली को बहाल करने के लिए सेना को बुलाना चाहिए। जो कर्मचारी जिम्मेदार है, उन पर एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने लिखा है कि जम्मू में भी बिजली कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी थी तो स्थानीय प्रशासन ने सेना की मदद ली थी। वहीं, कई लोग ऐसे भी थे कि जो पूर्ण रूप से हड़ताली कर्मचारियों से साथ खड़े रहे। सुनील कुमार ने लिखा कि प्रशासन लाभ वाले विभाग को बेच रहा है, ये बेहद गलत है। इसलिए अभी कर्मचारियों की हड़ताल ठीक है। ये अस्थायी समस्या है लेकिन एक बार निजीकरण हो गया तो लोगों को पूरी जिंदगी परेशान होना पड़ेगा।