आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के विकास मॉडल को जनता ने मौका देने का मन बना लिया है और नफरत की राजनीति का दंभ तोड़ दिया है। यह दावा आप के राष्ट्रीय नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने किया है। वह सोमवार को चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के नतीजे सार्वजनिक होने के बाद पार्टी मुख्यालय में पार्टी के पंजाब प्रधान और सांसद भगवंत मान के साथ पत्रकारों से बात कर रहे थे।
सिसोदिया ने चंडीगढ़ की जनता, विजेता प्रत्याशियों, चंडीगढ़ के कन्वीनर प्रेम गर्ग, सीनियर नेता प्रदीप छाबड़ा और चंद्र्रमुखी शर्मा समेत सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिया कि आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के लोगों द्वारा जताए भरोसे पर दिल्ली की तरह खरा उतरेगी। मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में दिल्ली सरकार ने देश की राजनीति में काम की राजनीति के एक नए युग की शुरुआत की थी। केजरीवाल का यह विकास मॉडल आज पूरा देश में फैल रहा है। चंडीगढ़ के नतीजे इसका जीता जागता प्रमाण है।
पंजाब की विरोधी पार्टियों के दुष्प्रचार की निकाल दी हवा
मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब की जनता ने भी इस बार ‘इक मौका केजरीवाल नू’ देने का मन बना लिया है। दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में मिली प्रचंड जीत ने पंजाब की सभी विरोधी पार्टियों के दुष्प्रचार की हवा निकाल दी है। चंडीगढ़ के फतवे ने दिखा दिया है कि लोग विकास की राजनीति चाहते हैं। भगवंत मान ने कहा कि सबसे शिक्षित और काबिल लोगों के शहर चंडीगढ़ ने मौजूदा भाजपा मेयर, दो पूर्व मेयर, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष और महिला मोर्चा अध्यक्ष को हराकर देश को स्पष्ट संदेश दिया है कि धर्म और क्षेत्रवाद पर आधारित विभाजनकारी राजनीति के लिए कोई जगह नहीं बची है।