मनीमाजरा। चंडीगढ़ के सबसे अधिक आबादी वाले मनीमाजरा क्षेत्र में अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस और व्यापारियों के आपसी सहयोग को जरूरी बताते हुए थाना प्रभारी मनीमाजरा मनिंदर सिंह ने सीसीटीवी व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया।
मंगलवार शाम मोरी गेट बाजार में बाजार प्रधान प्रदीप बागरा की दुकान पर व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने कहा कि यदि बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरे आधुनिक तकनीक से लैस हों और उनकी रेंज बेहतर हो, तो असामाजिक तत्वों के मन में भय बना रहता है। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपनी दुकानों के अंदर और बाहर उच्च गुणवत्ता वाले, दूर तक नजर रखने वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। रात के समय दुकानों के बाहर लगे कैमरे चालू रखें जाएं, ताकि पूरे इलाके में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।