इलाज के बहाने अंबाला जेल से लाए गए कैदी दीपक को भगाने की साजिश रचने के साथ-साथ वारदात में शामिल आरोपी मनदीप उर्फ मनी को पुलिस ने मोहाली से गिरफ्तार कर लिया है।
लारेंस बिश्नोई गैंग के मनदीप ने अपने साथी संपत नेहरा के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी। घटना को अंजाम तक पहुंचाने के लिए मनदीप ने आरोपियों को दो बाइक, आर्म्स और स्प्रे भी मुहैया करवाए थे। आरोपी के खिलाफ चंडीगढ़ में पहले ही हत्या के प्रयास समेत तीन मामले दर्ज हैं। वह कुछ दिन पहले जमानत पर बाहर आया था।
पिछले शनिवार को बाइकों पर सवार होकर आए बदमाशों ने अंबाला जेल से इलाज के नाम पर सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल लाए गए कैदी दीपक को भगाने के लिए पुलिसकर्मी से मारपीट की और गोलियां भी चलाई। इस दौरान आरोपियों ने अस्पताल की इमरजेंसी में मिर्च स्प्रे भी की। मनदीप ने ही इस वारदात को अंजाम तक पहुंचाने में अन्य आरोपियों की भी मदद की।
अब, सवाल यह उठ रहा है कि लारेंस बिश्रोई गैंग से ताल्लुक रखने वाला मनदीप इस वारदात में कैसे और क्यों शामिल हुआ। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ भी की जाएगी।