देश में नूरां सिस्टर्स और सूफी गायकी के लिए मशहूर सुल्ताना नूरा को जग्गू भगवानपुरिया गैंग के नाम से धमकी भरे मैसेज और फोन कॉल आई है। आरोपी ने पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। अब पुलिस फोन नंबर को ट्रेस करने में जुट गई है। इसकी शिकायत सुल्ताना नूरां के पति ने पुलिस को दी है।
आरोपियों ने मैसेज भेजे और फोन कर रंगदारी की मांग की। पैसे न देने पर आरोपियों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी। सुल्ताना नूरां के फोन पर अज्ञात नंबर से मैसेज आया। इसमें आरोपी ने अपने आप को गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का करीबी बताया और रंगदारी की मांग की। पीड़ित के मुताबिक मैसेज सुल्ताना नूरां के निजी फोन पर आया।
गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के खिलाफ हथियार तस्करी समेत कई मामले दर्ज हैं। वह इन दिनों जेल में बंद है। वहीं फोन नंबर को साइबर सेल को सौंप दिया गया है। पुलिस अब फोन नंबर की जांच में जुट गई है। बता दें कि पंजाब में इन दिनों रंगदारी मांगने के मामलों में इजाफा हुआ है। गैंगस्टरों के नाम से पंजाबी गायक, नेता और व्यापारियों से रंगदारी मांगी जा रही है। पुलिस कई मामलों का खुलासा भी कर चुकी है।