पहली पत्नी के होते हुए भी दूसरी शादी करना और फिर हाईकोर्ट में सुरक्षा के लिए याचिका दाखिल करने वाले पति का अंजाम आखिरकार बुरा हुआ। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पति और दूसरी बीवी पर धोखाधड़ी का मुकद्दमा दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए हैं और दूसरी पत्नी ने कोर्ट की अनुमति से गर्भपात करवा पुलिस को शिकायत दे दी है।
मामला मई का है जब एक प्रेमी जोड़े ने सुरक्षा के लिए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। हाईकोर्ट ने दोनों को सुरक्षा उपलब्ध करवाने के आदेश दिए थे। इसके बाद पहली पत्नी ने हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल कर बताया कि कोर्ट को गुमराह करके उसके पति ने सुरक्षा ली है। उसकी शादी साढ़े तीन साल पहले हो चुकी है और उसकी ढाई साल की बेटी भी है।
हाईकोर्ट ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए पति और दूसरी पत्नी के खिलाफ वारंट जारी कर उन्हें कोर्ट में पेश करने के आदेश दे दिए। जब दोनों को कोर्ट में लाया गया तो दूसरी पत्नी ने कहा कि उसे नहीं पता था कि पति पहले से शादीशुदा है। दूसरी पत्नी ने कहा कि उसे अंधेरे में रखकर शादी की गई थी और इस बारे में उसने फाजिल्का पुलिस को शिकायत भी दे दी है। इसके साथ ही उसने गर्भपात की अनुमति मांगी।
हाईकोर्ट ने उसे गर्भपात की अनुमति दे दी। अब हाईकोर्ट ने इस मामले में पति और दूसरी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि इस प्रकार कोर्ट को गुमराह करने का प्रयास किया गया है जो सहन नहीं किया जाएगा। इस मामले में एक्शन लेना जरूरी है ताकि बाकी लोगों को कोर्ट के साथ ऐसा न करने का सबक मिल सके।